भूकंप के झटकों से सहमा हिमाचल, 3.1 से लेकर 3.8 थी तीव्रता

Tuesday, Feb 05, 2019 - 11:32 PM (IST)

शिमला: मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के विभिन्न भागों में सुबह से रात तक भूकंप के 4 झटके महसूस किए जाने से लोगों में भय का माहौल पैदा हो गया है। कांगड़ा व मंडी जिलों में भी मंगलवार शाम को भूकंप का झटका महसूस किया गया। पालमपुर, बैजनाथ व जोगिंद्रनगर व भरमौर क्षेत्र में भूकंप के झटकों को काफी लोगों ने महसूस किया। इसके बाद कई लोग घरों से बाहर आ गए। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार शाम 7 बजकर 33 मिनट पर भूकंप का यह झटका हुआ। इसकी तीव्रता 3.8 मैग्रीच्यूड दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र मंडी जिला में 15 किलोमीटर की गहराई पर दर्ज किया गया है। हिमाचल में मंगलवार को भूकंप के 4 झटके हुए हैं।

दिन में हुए थे 2 भूकंप के झटके

इससे पहले दिन में 3 बजकर 52 मिनट पर भूकंप के 2 झटके दर्ज किए गए थे। इनका केंद्र चंबा में था। इनकी तीव्रता 3.1 व 3.2 मैग्रीच्यूड दर्ज की थी। इनमें पहला झटका 3 बजकर 51 मिनट व दूसरा 3 बजकर 52 मिनट पर दर्ज हुआ था। ए.डी.एम. भरमौर पी.पी. सिंह ने बताया कि इन झटकों से किसी भी प्रकार के जानमाल के नुक्सान का कोई समाचार नहीं है। सभी पटवार सर्कलों की स्थिति पर नजर रखने के आदेश दिए गए हैं। उन्होंने लोगों को सतर्क रहने को कहा है।

खुली जगहों की तरफ भागे लाहौल घाटी के लोग

लाहौल के उदयपुर व केलांग में मंगलवार दोपहर को इन झटकों को महसूस किया गया, ऐसे में घाटी के लोग जहां घरों से बाहर निकल खुली जगहों की तरफ भागते दिखाई दिए। लाहौल में झटके 3 बजकर 55 मिनट पर महसूस किए गए। इसके बाद रात को फिर झटके महसूस किए गए। इस बार जिला कांगड़ा के कुछ भागों जैसे धर्मशाला, योल, चामुंडा व पालमपुर में फिर से धरती कांपी।

उदयपुर में जनवरी माह में महसूस किए गए थ 12 बार भूकंप के झटके

गत जनवरी माह में भी उदयपुर में 12 बार भूकंप के झटके महसूस किए गए थे, वहीं एक बार फिर घाटीवासी डरे हुए हैं। डी.सी. लाहौल-स्पीति का कहना है कि मंगलवार को भी घाटी में भूकंप का झटका महसूस किया गया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में भूकंप के कारण किसी भी तरह के नुक्सान की कोई सूचना नहीं है।  उधर ए.डी.सी. मंडी राघव शर्मा ने भी भूकंप की पुष्टि की है।

Vijay