पोर्ट ब्लेयर के हैवलॉक टापू में फंसे हिमाचल के 5 विधायक, स्थानीय प्रशासन ने सुरक्षित निकाला

Sunday, Jan 06, 2019 - 10:42 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश के 5 विधायक अंडेमान निकोबार द्वीप समूह के पोर्ट ब्लेयर के अंतर्गत आने वाले हैवलॉक टापू में साइकलोन आने के कारण फंस गए। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के विधायकों के साथ यहां घूमने आए करीब 2,500 सैलानी और स्थानीय लोग भी फंस गए। साइकलोन की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने विधायकों सहित वहां पर फंसे सैलानियों को हैवलॉक टापू से सुरक्षित पोर्ट ब्लेयर पहुंचाया। बता दें कि विधायक बलबीर सिंह वर्मा की अध्यक्षता वाली हिमाचल प्रदेश विधानसभा की मानव विकास समिति इन दिनों तमिलनाडु, आन्ध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल तथा केंद्र शासित प्रदेश अंडेमान निकोबार के अध्ययन प्रवास पर है। बलबीर सिंह वर्मा के साथ समिति के अन्य सदस्यों में विनय कुमार, जीत राम कटवाल, सुभाष ठाकुर और सुरेंद्र शौरी भी साथ गए हैं।

मुख्यमंत्री ने फोन पर पूछा सबका कुशलक्षेम

प्रदेश के विधायकों की हैवलॉक टापू पर फंसने की सूचना जैसे ही प्रदेश सरकार को मिली तो उसके तुरंत बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने दूरभाष के माध्यम से सबका कुशलक्षेम पूछा, साथ ही सरकार की तरफ से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। इस दौरान विधायकों ने बताया कि स्थानीय प्रशासन की तरफ से सबको सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया है। समिति के सदस्यों का 8 जनवरी को पोर्ट ब्लेयर से कोलकाता के लिए अध्ययन प्रवास पर रवाना होने का कार्यक्रम है। श्री रेणुका जी से विधायक विनय कुमार ने संपर्क करने पर बताया कि सभी विधायक सुरक्षित हैं।

Vijay