हिमाचल में भारी बारिश ने मचाया तांडव, कहीं बादल फटे, कहीं छोड़ भागे घर (देखें तस्वीरें)

Friday, Aug 09, 2019 - 06:06 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में मॉनसून ने जमकर तांडव मचाया हुआ है। लोगों के लिए बारिश अब आफत बन गई है। प्रदेश भर में जगह-जगह भूस्खलन होने से लोगों में दहशत का माहौल है। बता दें कि किन्नौर में 4 जगह बादल फटे हैं जिससे सड़कें-सेब बागीचे तहस-नहस हो गए हैं।


कुल्लू की मणिकर्ण घाटी के कटागला में शुक्रवार सुबह सवेरे बाढ़ आने से गांव में दहशत का माहौल है। पहाड़ों पर भारी बारिश के कारण कटागला नाले में पानी के साथ भारी मलबा आया है। इस कारण गांव के लोग घर छोड़ सुरक्षित स्थानों पर भाग गए हैं।


चंडीगढ़ मनाली हाईवे पर चलती जीप पर विशाल चट्टान गिरी है। हालांकि अब तक किसी तरह के जानी नुकसान की खबर नहीं, लेकिन सरकारी और निजी संपत्ति को खासा नुकसान पहुंचा है। हिमाचल के बद्दी में भारी बारिश ने जमकर तबाही मचाई। बद्दी के पास झाड़माजरी में हेलमेट का गोदाम तिनके की तरह बह गया। बारिश से कुंजहाल नाला उफान पर है। 
 

कुल्लू जिले में मूसलाधार बारिश ने कहर बरपा दिया है। कुल्लू में दो दिनों से हो रही बारिश से घाटी का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। ऊझी घाटी के बाद अब मणिकर्ण वैली के कटागला में आज सुबह के समय बादल फटा है। बादल फटने से यहां लोगों में अफरा-तफरी मच गई।


बारिश से एक दर्जन सड़कें भी भूस्खलन से प्रभावित हो गई हैं। भुंतर हवाई अड्डे में हवाई उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने अलर्ट जारी कर दिया है। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति के मयाड़ नाले में मटर से भरी पिकअप गाड़ी गिर गई।

Ekta