स्कूल शिक्षा बोर्ड का बड़ा एक्शन: ओपन स्कूल परीक्षा में रंगे हाथ धरे 27 नकलची, चम्बा में सबसे ज्यादा मामले

punjabkesari.in Friday, Oct 02, 2026 - 07:52 PM (IST)

धर्मशाला (सुनील): हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा आयोजित राज्य मुक्त विद्यालय की परीक्षाओं में नकलचियों पर बोर्ड ने शिकंजा कसते हुए 27 नकलचियों को रंगे हाथों दबोचा है। परीक्षाओं की शुचिता, निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस बार बोर्ड प्रशासन पूरी तरह से सख्त नजर आ रहा है। प्रदेशभर के परीक्षा केंद्रों पर स्थापित हाईटैक सीसीटीवी कैमरों की थर्ड आई सर्विलांस और फ्लाइंग स्क्वायड टीमों के औचक निरीक्षण के चलते नकल माफिया के मंसूबों पर पानी फेर दिया गया है। इन सभी मामलों में अकेले चम्बा जिले से सबसे अधिक 11 परीक्षार्थी नकल करते हुए धरे गए हैं, जिसने परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सतर्क कर दिया है। 

बोर्ड द्वारा जारी किए गए ताजा आंकड़ों के अनुसार प्रदेश भर में पकड़े गए इन 27 मामलों में विभिन्न जिलों की स्थिति अलग-अलग रही है। चम्बा के बाद कांगड़ा जिले में 5 और सिरमौर जिले में 4 नकलची पकड़े गए हैं, जबकि मंडी में 3 और ऊना में 2 मामले सामने आए हैं। इसके अलावा, कुल्लू और शिमला जिलों से भी एक-एक मामला दर्ज किया गया है। 

नकल के बढ़ते मामलों पर कड़ा संज्ञान लेते हुए हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि परीक्षा की गरिमा के साथ किसी भी स्तर पर कोई समझौता नहीं किया जाएगा और नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने परीक्षार्थियों से विशेष अपील करते हुए कहा कि वे सफलता के लिए शॉर्टकट या अनुचित साधनों का सहारा लेने की बजाय अपनी मेहनत, ईमानदारी और अनुशासन के बल पर परीक्षा दें, ताकि परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता हमेशा बरकरार रहे।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News