HPRCA: फोटो टाइप सैटर ऑप्रेटर की डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए 18 और अभ्यर्थियों को मौका, वैबसाइट पर रोल नंबर अपलोड

punjabkesari.in Wednesday, Oct 14, 2026 - 06:16 PM (IST)

हमीरपुर (अजय): हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग हमीरपुर द्वारा पोस्ट कोड-25008 के तहत की जा रही फोटो टाइप सैटर ऑप्रेटर की भर्ती प्रक्रिया की डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए मैरिट आधार पर 18 और अभ्यर्थियों  को बुलाया जा रहा है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि फोटो टाइप सैटर ऑप्रेटर के पदों को भरने के लिए आयोजित कम्प्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) का परिणाम 20 जुलाई को घोषित किया गया था तथा मैरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए बुलाया गया था। उन्होंने बताया कि अधिकतम विज्ञापित पदों को भरने और वेटिंग पैनल तैयार करने के लिए अब मैरिट के आधार पर ही 18 और अभ्यर्थियों  को डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन का मौका दिया जा रहा है।

डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन सभी 18 अभ्यर्थियों के रोल नंबर आयोग की वैबसाइट पर डाल दिए गए हैं। इनकी डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन 19 अक्तूबर को सुबह 10 बजे आयोग के कार्यालय में आरंभ होगी। इन अभ्यर्थियों को उनकी ई-मेल आईडी पर सूचित किया जाएगा, उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सैल्फ अटैस्टेड फोटो प्रतियों के 2-2 सैट, आवेदन पत्र की डाऊनलोड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई अभ्यर्थी निर्धारित तिथि को डॉक्यूमैंट वैरीफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News