भाजपा सरकार के कार्यकाल में बार-बार पेपर लीक होना शर्मनाक बात : प्रतिभा सिंह

Friday, May 20, 2022 - 01:09 AM (IST)

मंडी (अनिल): हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह मंडी की सेरी चानणी में पुलिस भर्ती मामले की निष्पक्ष जांच को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से मिलीं और आकाश शर्मा ने मामले बारे पूरी जानकारी उन्हें दी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रतिभा सिंह ने कहा कि बहुत ही शर्मनाक बात है कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में पेपर लीक के मामले बार-बार सामने आ रहे हैं। हम इस बात को केंद्र सरकार से भी उठाएंगे कि आपकी सरकार में भर्ती को लेकर घोटाले हो रहे हैं।

प्रकरण में बड़े पुलिस अधिकारी भी संलिप्त
उन्होंने आरोप लगाया कि इस प्रकरण में बड़े पुलिस अधिकारी भी संलिप्त हैं, जिन पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। कांग्रेस के दबाव के कारण ही पुलिस भर्ती मामले में सीबीआई जांच करवाई जा रही है। प्रतिभा सिंह ने कहा कि हमारे युवाओं के साथ धोखा हो रहा है। उन्होंने कहा कि यह जनता तय करेगी कि उनको कैसी सरकार चाहिए। इस मौके पर शिमला विधायक विक्रमादित्य सिंह, पूर्व सीपीएस सोहन लाल ठाकुर और पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर उनके साथ उपस्थित थे। तत्पश्चात सेरी चानणी में पुलिस भर्ती की निष्पक्ष जांच के लिए कांग्रेस नेताओं ने हस्ताक्षर भी किए। 

स्वर्गीय पंडित सुखराम के घर जाकर व्यक्त किया शोक 
उसके बाद पंडित सुखराम के घर जाकर प्रतिभा सिंह, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री, सुधीर शर्मा, सोहन लाल ठाकुर, कौल सिंह ठाकुर व अन्यों ने शोक व्यक्त किया और विधायक अनिल शर्मा व आश्रय शर्मा सहित परिजनों को ढांढस बंधाया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि पंडित सुखराम का प्रदेश में विकास को लेकर बहुत बड़ा योगदान रहा है, उन्हें कभी भुलाया नहीं जा सकता है। इसके पश्चात प्रतिभा सिंह शिमला के लिए रवाना हो गईं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay