सतर्क हो जाएं स्कूल संचालक, HP Board इस मामले पर जल्द करेगा निरीक्षण

Friday, Aug 09, 2019 - 02:29 PM (IST)

हमीरपुर : स्कूलों में छुट्टियों के खत्म होते ही हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड के हमीरपुर के पुस्तक वितरण विभाग ने जिलाभर के स्कूलों में पढ़ाई जाने वाली किताबों की जांच करने के निर्देश दे दिए हैं। जानकारी के अनुसार बोर्ड के कर्मचारी किसी भी समय किसी भी निजी व सरकारी स्कूल में जाकर वहां पर बच्चों को पढ़ाई जाने वाली किताबों की जांच कर सकते हैं। बताते चलें कि नियमों के मुताबिक स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबंध रखने वाले स्कूलों में बोर्ड की किताबें पढ़ाना अनिवार्य है। अन्य किताबों को स्कूलों में पढ़ाने पर बोर्ड द्वारा प्रतिबंध लगाया गया है। अगर इस जांच के दौरान किसी स्कूल में अन्य किताबों द्वारा बच्चों की पढ़ाई करवाई जा रही हो या फिर अन्य किताबें पढ़ाई जा रही होंगी तो बोर्ड की ओर से ऐसे स्कूलों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

जानकारी के अनुसार छुट्टियों से पहले पुस्तक वितरण विभाग के कर्मचारियों द्वारा जिलाभर के 110 स्कूलों का निरीक्षण किया जा चुका है, जबकि अन्य स्कूलों का निरीक्षण होना बाकी है। बता दें कि पुस्तक वितरण विभाग के पास 288 निजी स्कूलों की सूची है, जबकि सरकारी व निजी स्कूलों को मिलाकर 450 के करीब स्कूलों की सूची है, जहां पर विभाग के कर्मचारियों द्वारा निरीक्षण किया जाना है। कर्मचारी किसी भी समय किसी भी स्कूल में जाकर यह निरीक्षण कर सकते हैं। हालांकि अभी तक किसी भी निरीक्षण में बोर्ड की किताबों के अलावा कोई किताबें नहीं पाई गई है, जबकि बाकी स्कूलों में निरीक्षण होना अभी बाकी है।
 

kirti