Himachal: घंटों लाइनों का झंझट खत्म... अब मोबाइल से बनेगा स्कूल बस पास

punjabkesari.in Thursday, Feb 12, 2026 - 02:55 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। शिमला के कॉन्वेंट और निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों के लिए राहत भरी खबर है। अब उन्हें स्कूल बस पास बनवाने के लिए हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) के काउंटरों पर घंटों लंबी कतारों में नहीं लगना होगा। निगम ने इस प्रक्रिया को सुगम बनाने के लिए 'हिम एक्सेस' (Him Access) ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है।

डिजिटल पहल से मिलेगी राहत

वर्तमान में HRTC प्रबंधन पोर्टल (https://himaccess.hp.gov.in) पर सॉफ्टवेयर अपडेट करने का काम कर रहा है। नई व्यवस्था के तहत अभिभावक ऑनलाइन आवेदन और दस्तावेज़ जमा कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद, पास प्राप्त करने के लिए ही काउंटर पर जाना होगा। इससे उन अभिभावकों को बड़ी राहत मिलेगी जो पास के लिए सुबह 4 बजे से ही लाइनों में लग जाते थे।

बसों की कमी एक बड़ी चुनौती

शहर के करीब 2,000 से अधिक विद्यार्थी रियायती दरों पर इन बसों का लाभ उठाते हैं। हालांकि, इस साल संचालन में कुछ बाधाएं आ सकती हैं। निगम की कई इलेक्ट्रिक बसें वर्तमान में खराब हैं, जिससे बेड़े में बसों की कमी है।

प्रबंधन इस बात पर विचार कर रहा है कि सीमित संसाधनों के बीच निजी स्कूलों को कितनी बसें मुहैया करवाई जा सकती हैं। शहर में निजी टैक्सियों का किराया अधिक होने के कारण अधिकांश अभिभावक HRTC बसों पर ही निर्भर हैं।

फिलहाल स्वयं करना होगा इंतज़ाम

शिमला के स्कूल इसी महीने खुल रहे हैं, लेकिन HRTC आमतौर पर मार्च से अपनी सेवाएं शुरू करता है। निगम के प्रबंध निदेशक निपुण जिंदल ने स्पष्ट किया है कि सॉफ्टवेयर अपडेट होने के बाद ही ऑनलाइन आवेदन मांगे जाएंगे। तब तक अभिभावकों को बच्चों को स्कूल लाने और ले जाने की व्यवस्था खुद ही करनी होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News