हिमाचल के मंत्री विक्रमादित्य सिंह बनने जा रहे हैं दूल्हा...इस दिन रचाएंगे शादी
punjabkesari.in Monday, Aug 18, 2025 - 04:39 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश की राजनीति के युवा नेता और लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह जल्द ही दूसरी शादी करने जा रहे हैं। उनका विवाह आगामी 22 सितंबर, 2025 को चंडीगढ़ में होगा। विक्रमादित्य सिंह का विवाह चंडीगढ़ की रहने वाली अमरीन कौर से तय हुआ है, जो सरदारनी ओपिंदर कौर और सरदार जोतिंदर सिंह सेखों की बेटी हैं।
शादी का समारोह चंडीगढ़ में अमरीन कौर के निवास पर आयोजित किया जाएगा। सुबह 10 बजे से विवाह की रस्में शुरू होंगी, जिसके बाद दोपहर 1 बजे से मेहमानों के लिए लंच का आयोजन किया गया है।
यह विक्रमादित्य सिंह की दूसरी शादी है। इससे पहले उनकी शादी 8 मार्च 2019 को राजस्थान के मेवात वंश की राजकुमारी सुदर्शना सिंह से हुई थी। उनका विवाह उदयपुर के कानोता गांव में स्थित कनोतागढ़ पैलेस में हुआ था। सुदर्शना सिंह ने मुंबई के सोफिया कॉलेज से समाजशास्त्र में मास्टर्स और इंटीरियर डिजाइनिंग का कोर्स किया है। कुछ समय बाद दोनों के वैवाहिक संबंधों में तनाव आ गया, जिसके कारण उनके बीच घरेलू विवाद शुरू हो गया। मामला जयपुर की फैमिली कोर्ट में पहुंचा और कानूनी प्रक्रिया के बाद दोनों का तलाक हो गया।
विक्रमादित्य सिंह हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री राजा वीरभद्र सिंह के बेटे हैं। वे वर्तमान में हिमाचल प्रदेश सरकार में लोक निर्माण विभाग (PWD) मंत्री का पद संभाल रहे हैं। इस विवाह समारोह में देश और प्रदेश के कई बड़े नेता, विशिष्ट अतिथि और प्रतिष्ठित लोग शामिल हो सकते हैं। यह शादी हिमाचल और पंजाब दोनों ही राज्यों में चर्चा का विषय बनी हुई है।
इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश की राजनीति के कई महत्वपूर्ण चेहरे और अन्य राज्यों के भी बड़े नेता मौजूद रहने की उम्मीद है। शादी को लेकर दोनों ही परिवारों में तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।