''अमेरिका के एयरबेस पर ही अटैक कर रहा ईरान'''', हिमाचल के जोड़ीदार'' भाई कपिल ने बहरीन से वीडियो जारी कर बताया जमीनी हाल
punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 02:42 PM (IST)
Israel Iran War: हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के बहुचर्चित 'जोड़ीदार' भाइयों में से एक, कपिल नेगी ने खाड़ी देशों में जारी युद्ध के हालातों के बीच अपनी सुरक्षा को लेकर चल रही अफवाहों पर विराम लगा दिया है। बहरीन में कार्यरत कपिल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर अपने परिवार और शुभचिंतकों को आश्वस्त किया है कि वह पूरी तरह सुरक्षित हैं और अपनी ड्यूटी निभा रहे हैं।
युद्ध के हालातों पर दी जानकारी
कपिल नेगी ने वीडियो के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्थिति साझा करते हुए कहा कि ईरान की सेना केवल उन ठिकानों को निशाना बना रही है जहां अमेरिकी सेना के एयरबेस मौजूद हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम नागरिकों या अन्य रिहायशी इलाकों को टारगेट नहीं किया जा रहा है, इसलिए घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है।
अफवाह फैलाने वालों को दिया करारा जवाब
सोशल मीडिया पर 'जोड़ीदार भाई फंस गया' जैसे कमेंट्स करने वालों को जवाब देते हुए कपिल ने कहा कि स्थिति उतनी भयावह नहीं है जितनी दिखाई जा रही है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा, "अगर स्थिति बिगड़ती है और मैं फंसता हूं, तो अकेला नहीं फंसूंगा, पूरी दुनिया इसकी चपेट में आएगी। फिलहाल हम सुरक्षित हैं और नियमित रूप से अपना काम कर रहे हैं।"
क्या है 'जोड़ीदार' प्रथा?
बता दें कि सिरमौर के शिलाई क्षेत्र के दो सगे भाइयों, प्रदीप और कपिल नेगी ने 11 जुलाई 2025 को एक ही युवती, सुनीता चौहान के साथ विवाह किया था। स्थानीय संस्कृति में इसे 'जोड़ीदार प्रथा' कहा जाता है। यह अनूठी शादी पिछले साल पूरे देश में राष्ट्रीय मीडिया की सुर्खियों में रही थी। वर्तमान में बड़ा भाई प्रदीप घर पर है, जबकि छोटा भाई कपिल बहरीन के एक होटल में कार्यरत है।

