हिमाचल में भारी बारिश से 235 सड़कें बंद, कई जगह भारी नुक्सान (Watch Pics)

Thursday, Aug 15, 2019 - 10:51 AM (IST)

शिमला (देवेंद्र): प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का कहर जारी है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश में हुई भारी बारिश से 235 सड़कें फिर से यातायात के लिए अवरुद्ध हो गई हैं। सिरमौर के त्रिलोकपुर नाले में आई बाढ़ से 2 बाइक तथा 2 कारें बह गईं हैं। चम्बा, कुल्लू, शिमला, सिरमौर व मंडी जिला के कुछेक क्षेत्रों में हुई भारी बारिश से प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में 18 कच्चे व पक्के मकान और 2 दुकानों सहित 14 गऊशालाओं को नुक्सान हुआ है। इसी के साथ बरसात से निजी व सार्वजनिक संपत्ति को नुक्सान का आंकड़ा 365 करोड़ से बढ़कर 398.83 करोड़ रुपए पहुंच गया है। पी.डब्ल्यू.डी. को अब तक सबसे ज्यादा 256 करोड़ तथा आई.पी.एच. को 132.70 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। 

मौजूदा मानसून सीजन के दौरान अब तक विभिन्न कारणों से 162 लोगों की मौत तथा प्राकृतिक आपदा से 23 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि इस दौरान 18 पक्के मकान पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए हैं। 34 मकान आंशिक रूप से, 95 पक्के मकान तथा 262 कच्चे मकानों को आंशिक तौर पर क्षति पहुंची है। ग्रामीण इलाकों के लोगों को सड़कें बंद होने से अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। सेब बहुल क्षेत्रों में इस कारण ढुलाई पर भी बुरा असर पड़ रहा है। पी.डब्ल्यू.डी. का दावा है कि प्रदेश भर में 331 जे.सी.बी., डोजर व टिप्पर सड़कों को बहाल करने में जुटे हुए हैं। प्रदेश के कुछेक क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की तकरीबन 3100 योजनाएं भी प्रभावित हुई हैं। वहीं मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि 16 व 17 अगस्त को राज्य के मैदानी तथा मध्य पर्वतीय इलाकों में कुछ स्थानों पर मूसलाधार बारिश का अनुमान है और इसे लेकर यैलो अलर्ट जारी किया गया है।

भरमौर-चंबा-पठानकोट एन.एच. भी 4 घंटे रहा बंद

भारी बारिश के बाद भू-स्खलन के कारण भरमौर-चम्बा-पठानकोट एन.एच. भी बुधवार सुबह तकरीबन 4 घंटे तक यातायात के लिए अवरुद्ध रहा। मंडी जोन में सबसे ज्यादा 110 सड़कें, शिमला जोन में 75 सड़कें, कांगड़ा जोन में 47 सड़कें तथा हमीरपुर जोन में 3 सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। प्रदेशभर में सड़कें बंद होने से बुधवार को 240 रूटों पर परिवहन सेवाएं बाधित हुई हैं।

Ekta