तम्बाकू नियंत्रण के लिए हिमाचल को मिला उत्कृष्ट अवार्ड, WHO ने किया सम्मानित

Wednesday, May 31, 2023 - 09:33 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): हिमाचल प्रदेश को तम्बाकू नियंत्रण के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन द्वारा उत्कृष्ट अवार्ड दिया गया है। यह पुरस्कार तम्बाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत किए जाने वाले सराहनीय कार्य के लिए 31 मई को विश्व तम्बाकू दिवस के उपलक्ष्य पर प्रति वर्ष दिया जाता है। विश्व में तम्बाकू के कारण लगभग 80 लाख और भारतवर्ष में लगभग 10 लाख लोगों की मृत्यु प्रति वर्ष होती है। तम्बाकू से कैंसर, ह्रदयाघात, श्वास रोग, अधरंग, अंधापन, गैंगरीन और नपुंसकता जैसे भयानक रोग होते हैं। तम्बाकू नशाखोरी के लिए पहली सीढ़ी का काम करता है। प्रदेश सरकार के प्रयासों और आम जनता के सहयोग से प्रदेश में तम्बाकू के प्रयोग में पिछले 12 वर्षों में लगभग 50 प्रतिशत की कमी आई है।

स्वास्थ्य विभाग के एक प्रवक्ता ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को वर्ष 2013 में ही धूम्रपान मुक्त राज्य घोषित किया जा चुका है। प्रदेश सरकार ने वर्ष 2025 से पहले तम्बाकू के प्रयोग को 10 प्रतिशत से कम करने व वर्ष 2030 तक 5 प्रतिशत से कम करने का लक्ष्य रखा है ताकि प्रदेश को तम्बाकू मुक्त किया जा सके। प्रदेश में तम्बाकू नियंत्रण के लिए आम जनता, स्वयंसेवी संस्थाओं के अतिरिक्त मीडिया का सराहनीय योगदान रहा है। इस वर्ष पूरे प्रदेश में 31 मई से 31 जुलाई 2023 तक युवा बचाओ अभियान चलाया जाएगा, जिसे सफल बनाने के लिए आप सभी से सहयोग की उम्मीद है। सभी लोग प्रदेश को तम्बाकू मुक्त बनाने में अपना सहयोग दें।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here
 

Content Writer

Vijay