5000 महिलाओं ने महानाटी डालकर बनाया नेशनल रिकॉर्ड, पढ़िए Himachal Express

Wednesday, May 08, 2019 - 04:55 PM (IST)

शिमला: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए छोटी काशी मंडी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार 10 मई को पीएम नरेंद्र मोदी मंडी शहर के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में भाजपा की एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करने यहां आएंगे। हिमाचल के इन स्टार प्रचारकों को सूची से हटाने पर रजनी पाटिल ने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर को नोटिस भेजा है। नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ट माध्यमिक विद्यालय खैरिया के प्रधानाचार्य द्वारा 12वीं कक्षा के छात्रों के अभिभावकों ने बच्चों की पिटाई करने व उनको जातिसूचक शब्द इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। कुल्लू के ढालपुर मैदान में वोटर कार्ड के साथ 5000 महिलाओं ने महानाटी डालकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं। 

हिमाचल के बेटे ने CISCE बोर्ड की परीक्षा में हासिल किया तीसरा स्थान
हिमाचल के सोलन जिले के एक होनहार बेटे ने CISCE की ओर से मंगलवार को 12वीं के रिजल्ट में देश भर में तीसरा स्थान हासिल किया है। यश गुप्ता ने अपनी इस सफलता का श्रेय परिवार, शिक्षक और स्कूल मैनेजमेंट को दिया है। बता दें कि यश ने 500 में से 497 अंक प्राप्त किए हैं। इसके अलावा अन्य विषयों में 100 फीसदी अंक आए हैं। उसने बताया कि वह 11 से 12 घंटे तक एक दिन में पढ़ाई करता था। यश गुप्ता का मानना है कि अगर मन लगाकर कोई भी काम करें तो उसमें सफलता हासिल की जा सकती है।   

10 को गरजेंगे PM मोदी, छावनी में तबदील हुआ छोटी काशी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के लिए छोटी काशी मंडी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार 10 मई को पीएम नरेंद्र मोदी मंडी शहर के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में भाजपा की एक विशाल चुनावी रैली को संबोधित करने यहां आएंगे। यह तीसरा मौका होगा जब मोदी यहां विशाल रैली को संबोधित करने आने वाले हैं। इससे पहले 2014 और 2017 में मोदी की दो बड़ी रैलियां यहां पर हो चुकी हैं। भाजपा ने पीएम की रैली की तैयारियां शुरू कर दी हैं। भाजपा नेताओं ने पड्डल मैदान में डेरा डाल दिया है और हर छोटी बड़ी तैयारी का बारीकी से जायजा ले रहे हैं। वहीं सुरक्षा की बात करें तो भारी पुलिस बल मंडी में सुरक्षा के लिहाज से पहुंच चुका है। 

पहली बार वोटर कार्ड के साथ 5000 महिलाओं ने महानाटी डालकर बनाया नेशनल रिकॉर्ड
कुल्लू के ढालपुर मैदान में वोटर कार्ड के साथ 5000 महिलाओं ने महानाटी डालकर नेशनल रिकॉर्ड बनाया। मुख्यातिथि उपायुक्त कुल्लू यूनुस ने उनको महिला सशक्तीकरण के साथ मतदान करने का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि महिलाओं ने कुल्लू के पारंपरिक परिधानों में मेगा नाटी में भाग लिया। इनमें सभी आयु वर्ग की महिलाओं को खुला निमंत्रण दिया गया था। 

हिमाचल के इन Star प्रचारकों को सूची से हटाने पर पाटिल का राठौर को नोटिस
हिमाचल के इन स्टार प्रचारकों को सूची से हटाने पर रजनी पाटिल ने प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर को नोटिस भेजा है। इन प्रचारकों में कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्षों सुखविंद्र सुक्खू, कौल सिंह ठाकुर, विप्लव ठाकुर, विद्या स्टोक्स, कुलदीप कुमार शामिल हैं। इतना ही नहीं पाटिल ने 5 दिन के अंदर राठौर से जवाब मांगा है। 30 अप्रैल के नोटिस की कॉपी में पाटिल ने लिखा है कि पूर्व प्रदेशाध्यक्षों को लग रहा है इन्हें स्टार प्रचारक लिस्ट से जानबूझकर हटाया है।  

सोलन पुलिस ने नशा तस्करों का किया भंडाफोड़
सोलन पुलिस ने नशा तस्करी का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली से एक नाइजीरियन को गिरफ्तार कर उससे 15.72 ग्राम हेरोइन बरामद की है। एएसपी शिव कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार अमित कुमार से पूछताछ के बाद नाइजीरियन नागरिक को दिल्ली से गिरफ्तार किया। बता दें कि 2 मई को सोलन पुलिस ने देहूंघाट में अमित कुमार को 11.45 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था।  

Principal ने स्कूल बच्चों से की मारपीट
नूरपुर विधानसभा क्षेत्र के राजकीय वरिष्ट माध्यमिक विद्यालय खैरिया के प्रधानाचार्य द्वारा 12वीं कक्षा के छात्रों के अभिभावकों ने बच्चों की पिटाई करने व उनको जातिसूचक शब्द इस्तेमाल करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि स्कूल के प्रधानचार्य ने उनके बच्चों की पिटाई की ओर जातिसूचक शब्द इस्तेमाल किए। बच्चों ने बताया कि हम स्कूल में सुबह आने के लिए लेट हो गए थे। हम 6 छात्र थे जोकि सुबह स्कूल में लेट पहुंचे।  

राहुल गांधी की ऊना रैली को लेकर क्या बोले गुरकीरत सिंह
ऊना में राहुल गांधी की 10 मई को होने वाली रैली को लेकर हिमाचल कांग्रेस बेहद उत्साहित नजर आ रही है। पार्टी के हिमाचल मामलों के सह प्रभारी गुरकीरत सिंह कोटली ने राहुल की रैली के बाद पार्टी को बढ़त मिलने का दावा किया है। उन्होंने पार्टी द्वारा प्रदेश की चारों सीटें जीते जाने का दावा किया है। उन्होंने पार्टी द्वारा जारी स्टार प्रचारकों की लिस्ट से पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सुक्खू को हटाए जाने को पार्टी का अंदरूनी मामला बताया और किसी भी गुटबाजी से इंकार किया। 

सत्ती ने किया अनुराग का चुनाव प्रचार, कांग्रेस पर बोला तीखा हमला
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने गृह विधानसभा क्षेत्र ऊना सदर में बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर का चुनाव प्रचार किया। सत्ती ने कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए यह कह डाला कि वह व्यापारियों से पैसे तो ले सकती है लेकिन उनके सवालों का जवाब नहीं दे सकती। सत्ती ने ऊना सदर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांव में नुक्कड़ बैठकें कर अनुराग के लिए वोट मांगे। सत्ती ने कांग्रेस द्वारा फोन टैपिंग के आरोपों को निराधार बताया है। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत राजीव गांधी द्वारा भी इस प्रकार की आधारहीन बातें उठाए जाने का आरोप लगाया।  

आश्रय शर्मा का BJP नेताओं पर बड़ा आरोप
मंडी सीट से कांग्रेस के प्रत्याशी आश्रय शर्मा ने आरोप लगाया है कि राज्य सरकार ने अपनी सभी जांच एजैंसियां कांग्रेसी नेताओं के पीछे लगा रखी हैं ताकि नेताओं की सारी रिपोर्ट सरकार को मिल सके। मंडी जिला के सुंदनगर विधानसभा क्षेत्र में प्रचार के दौरान आश्रय शर्मा ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार कांग्रेसी नेताओं की जासूसी करवा रही है और अब तो फोन टेपिंग पर भी उतर आई है ताकि हमारी बातों को सुन सके। उन्होंने कहा कि राज्य की भाजपा सरकार चुनावों में सरकारी मशीनरी का दुरूपयोग कर रही है और चुनाव आयोग को इस पर ठोस कदम उठाने चाहिए। 

मंडी में दर्दनाक हादसा: खाई में गिरी टाटा सूमो
हिमाचल के मंडी जिले में एक दर्दनाक हादसा हो गया। जिससे हादसे में 9 महिलाओं और गाड़ी चालक घायल हो गया है। एक महिला को गंभीर हालत में टांडा रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक मंडी जिले में जोगिंद्रनगर-सरकाघाट रोड पर बसाही के नजदीक टाटा सूमो (HP 28 9246) खाई में गिर गई। हादसा होते ही स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े। उन्होंने पुलिस और एंबुलेंस को हादसे की सूचना दी। घायलों को एंबुलेंस की सहायता से अस्पताल पहुंचाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। 

Ekta