चलती कार में 19 वर्षीय युवती से रेप, कांग्रेस को बड़ा झटका, पढ़िए दिनभर की बड़ी खबरें

Tuesday, Apr 30, 2019 - 05:55 PM (IST)

शिमला: देवभूमि फिर से एक बार शर्मसार हुई है। थाना ढली के तहत एक युवती ने दुष्कर्म करने का मामला दर्ज करवाया है। 19 वर्षीय लड़की का आरोप है कि जब वह मालरोड से अपने घर की तरफ जा रही थी तो इस दौरान अचानक कार रुकी और उसे कार के अंदर खींच लिया। कांगड़ा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कभी पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के करीबी रहे पूर्व विधायक सुरेन्द्र काकू अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम की मौजूदगी में सुरेंद्र काकू ने ज्वालामुखी में भाजपा का दामन थामा। शिमला के ढली थाना में हरियाणा की एक युवती के साथ हुई दरिंदगी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने उपायुक्त शिमला के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन भेजा है। कांगड़ा के डमटाल में रांची मोड पर एक दो युवकों की सेना के काफिले की गाड़ी से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की है। जहां सेना के काफिले और कार में टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं। 

चलती गाड़ी में 19 वर्षीय युवती से दुष्कर्म 
देवभूमि फिर से एक बार शर्मसार हुई है। थाना ढली के तहत एक युवती ने दुष्कर्म करने का मामला दर्ज करवाया है। 19 वर्षीय लड़की का आरोप है कि जब वह मालरोड से अपने घर की तरफ जा रही थी तो इस दौरान अचानक कार रुकी और उसे कार के अंदर खींच लिया। इसके बाद चलती गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म किया गया। यह मामला रविवार 10 बजे के आसपास का बताया जा रहा है लेकिन इसका खुलासा सोमवार को हुआ है। पीड़ित युवती ने गुडिय़ा हैल्पलाइन से पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने पीड़ित युवती के बयान दर्ज कर लिए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस ने अस्पताल ले जाकर युवती का मैडीकल भी करवाया है। 

युवती से Rape की घटना पर शिमला के बुजुर्ग नाराज
शिमला के ढली थाने में एक युवती से बलात्कार का मामला दर्ज होने से शिमला के बुजुर्ग खासे आहत और गुस्से में हैं। शिमला के बुजुर्गों ने घटना की निंदा की और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की सरकार से मांग की। बुजुर्गों ने कहा कि शिमला में इस तरह की घटना पहली बार हुई है जब किडनैप कर किसी लड़की के साथ दरिंदगी की हो। इससे पहले गुडिय़ा कांड ने भी प्रदेश को शर्मसार किया था और अभी तक उसमे भी दोषियों को सजा नहीं हुई है। 

भाजपा महिला मोर्चा ने युवती से बलात्कार मामले में DC को सौंपा ज्ञापन 
शिमला के ढली थाना में हरियाणा की एक युवती के साथ हुई दरिंदगी को लेकर भाजपा महिला मोर्चा ने उपायुक्त शिमला के माध्यम से पुलिस महानिदेशक को एक ज्ञापन भेजा है। साथ ही उन्होंने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। दरअसल भाजपा महिला मोर्चा की सदस्य और भाजपा युवा मोर्चा की उपाध्यक्ष शीतल व्यास ने कहा कि शिमला जैसे शांत शहर में इस तरह की घटनाएं शर्मनाक है। 

शांता-कपूर को तो फूटी आंख नहीं सुहाते थे मोदी: मुकेश अग्निहोत्री
नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि वर्ष 1998 में सांसद शांता कुमार व भाजपा कांगड़ा-चंबा लोकसभा प्रत्याशी किशन कपूर और उनके साथी ही थे जिन्होंने उस समय के भाजपा हिमाचल प्रभारी नरेंद्र मोदी को हिमाचल से हटाने की मांग की थी। अब यह लोग अपने अस्तित्व को बचाने के लिए मोदी के नाम की माला जप रहे हैं। शांता और कपूर इन दिनों मोदी का राग अलापने में व्यस्त हैं। 

कांग्रेस को बड़ा झटका
कांगड़ा में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कभी पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह के करीबी रहे पूर्व विधायक सुरेन्द्र काकू अपने कई समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए हैं। मंगलवार को मुख्यमंत्री जयराम की मौजूदगी में सुरेंद्र काकू ने ज्वालामुखी में भाजपा का दामन थामा। उन्होंने पार्टी में शामिल होने पर समस्त सदस्यों का स्वागत किया। बता दें कि सुरेंद्र काकू कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं। ऐसे में कांगड़ा में कांग्रेस को आज बड़ा झटका लगा है।  

सेना की गाड़ी और कार में हुई भयानक टक्कर, 2 युवकों की दर्दनाक मौत
कांगड़ा के डमटाल में रांची मोड पर एक दो युवकों की सेना के काफिले की गाड़ी से दर्दनाक मौत हो गई। घटना सोमवार देर रात की है। जहां सेना के काफिले और कार में टक्कर हो गई। हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयानक था कि जेसीबी की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद युवकों के शवों को कार से बाहर निकाला गया। मृतकों की पहचान अंकित शर्मा (30) पुत्र नरेश शर्मा गांव मलोट डा, भोजपुर तहसील इंदौरा और विनय शर्मा (28) पुत्र शंभू नाथ शर्मा गांव मलोट डा भोजपुर तहसील इंदौरा जिला कांगड़ा के रूप में हुई है।  

युवक की संदिग्ध मौत मामले में नया खुलासा
ऊना में एक 30 साल के नौजवान की संदिग्ध मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतक के पिता ने पुलिस को शिकायत सौंपकर अपने बेटे की मौत की वजह को नशे की ओवरडोज बताया है। मृतक के पिता ने अपने बेटे को नशे की सप्लाई और ओवरडोज का आरोप ऊना के ही एक युवक पर लगाया है। पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत के आधार पर गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज करके तफ्तीश शुरू कर दी है। 

अनुराग ठाकुर ने साधा निशाना
हमीरपुर से भाजपा सांसद एवं प्रत्याशी अनुराग ठाकुर ने कहा कि वोट हासिल करने के लिए कांग्रेस का जिन्ना प्रेम जाग गया है। जिस शख्स के कारण देश टुकड़ों में बंट गया उस शख्स को कांग्रेसी अपना नेता बताकर समुदाय विशेष के वोट हासिल करने की सोच रहे हैं। मंडी जिला के धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के दौरे के दौरान अनुराग ठाकुर ने संधोल में मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान यह बात कही। बता दें कि मंडी जिला का धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के तहत आता है। 

मंडी संसदीय सीट से 2 नामांकन रद्द, चुनावी मैदान में अब 17 उम्मीदवार
लोकसभा चुनाव में मंडी संसदीय सीट के लिए भरे गए नामांकन पत्रों की जांच और छंटनी का कार्य मंगलवार को निर्वाचन अधिकारी एवं डी.सी. मंडी के कार्यालय में किया गया। निर्वाचन अधिकारी एवं डी.सी. ऋग्वेद ठाकुर ने बताया कि मंडी लोकसभा क्षेत्र के लिए 17 उम्मीदवारों के नामांकन पत्र स्वीकृत किए गए हैं। छंटनी प्रक्रिया के दौरान 2 उम्मीदवारों के नामांकन जरूरी दस्तोवेजों में कमी के चलते रद्द कर दिए गए हैं। इसके अलावा भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों के पर्चे स्वीकार होने के साथ ही दोनों पार्टियों के कवरिंग प्रत्याशियों के नामांकन भी रद्द हो गए हैं। 

कांगेस ने मंडी में नामांकन के लिए धनबल से जुटाई भारी भीड़: रामस्वरूप 
भाजपा प्रत्याशी सांसद राम स्वरूप शर्मा ने कुल्लू जिला के लगघाटी और भुंतर में दो जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मंडी में नामांकन के लिए जो भीड़ इक्ट्ठा की थी उनके लिए धनबल का प्रयोग किया गया था और भाजपा भीड़ में विश्वास नहीं करती है। भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और हर मतदान केंद्र पर जनता का समर्थन मिलेगा। उन्होंने कहा कि पिछले 5 बर्ष में मंडी लोकसभा की जनता के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का स्नेह रहा है और मंडी लोकसभा में जो भी मांगा वो मिला।

Ekta