खतरे में कालका-शिमला हैरिटेज ट्रैक, बस ऑपरेटरों के बीच चले लात-घूंसे, पढ़िए दिनभर की खबरें

Friday, Apr 19, 2019 - 05:52 PM (IST)

शिमला: कुल्लू में बह रही ब्यास नदी में राफ्टिंग करते समय कुछ लड़कों के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थक माने जाने वाले हरीश जनारथा की कांग्रेस में वापसी होने से समर्थकों में खासा जोश है। हरीश जनारथा के निष्कासन को बीते रोज ही कांग्रेस ने रद्द करते हुए उन्हें पार्टी में वापिस लिया है। परवाणु से सोलन तक फोरलेन बनाने के कार्य से रबौण में हैरिटेज रेल ट्रैक को भी खतरा पैदा हो गया है। यहां से रोजाना ट्रेनें कालका से शिमला व नीचे की ओर गुजरती हैं, जिससे यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं। 

ब्यास नदी में देखिए कैसे राफ्टिंग करते समय बह गई लड़कों की टोली
कुल्लू में बह रही ब्यास नदी में राफ्टिंग करते समय कुछ लड़को के गिरने का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हुआ है। वायरल वीडियो में दिखाया गया है कि ब्यास नदी में एक राफ्ट बह रही थी तभी अचानक नदी में राफ्ट तेज पानी की धारा में असंतुलित हो गई। हादसे के समय राफ्ट में 6 लड़के भी एक-एक करके नदी में गिर पड़े। हालांकि थोड़ी ही देर बाद राफ्ट को किनारे पर लगाया गया और नदी में गिरे हुए व्यक्ति भी किनारे पर तैर कर निकल गए।  

अमित शाह की तरह राहुल गांधी भी करेंगे हिमाचल में रैलियां
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की तरह कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी भी हिमाचल में रैलियां करेंगे। बता दें कि कांग्रेस पार्टी ने प्रदेश में प्रचार अभियान तेज कर दिया है और नामांकन के बाद प्रदेश में राहुल गांधी की तीन रैलियां होगी। नामांकन के बाद कांग्रेस के स्टार प्रचारकों के हिमाचल में दौरे शुरू हो जाएंगे। देश में लोग बदलाव चाहते हैं। 

वीरभद्र के समर्थक हरीश जनारथा की घर वापसी से कांग्रेस में खासा जोश
पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के समर्थक माने जाने वाले हरीश जनारथा की कांग्रेस में वापसी होने से समर्थकों में खासा जोश है। हरीश जनारथा के निष्कासन को बीते रोज ही कांग्रेस ने रद्द करते हुए उन्हें पार्टी में वापिस लिया है। हरीश जनारथा ने आज अपने सैकड़ों समर्थकों सहित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंच कर वापसी के लिए कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, आनंद शर्मा, रजनी पाटिल और राहुल गांधी का धन्यवाद किया और कहा है कि पार्टी से निष्कासित होने के बाद भी उनका दिल कांग्रेस में ही था। 

वीरभद्र बोले- जल्द ही मंडी में करूंगा प्रचार
वीरभद्र सिंह ने जल्द ही मंडी में भी चुनाव प्रचार करने का दावा किया। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने ऊना दौरे के दौरान गुरुवार देर रात श्री राधा कृष्ण मंदिर में माथा टेका और मंदिर के संस्थापक बाबा बाल जी महाराज से मुलाकात की। इस दौरान नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री भी मौजूद रहे। ऊना में मीडिया से बात करते हुए वीरभद्र ने कहा कि कांग्रेस ने हिमाचल की अधिकतर सीटों पर नए उम्मीदवार उतारे हैं। बाबजूद इसके हिमाचल में कांग्रेस की स्थिति काफी मजबूत है। 

खतरे में कालका-शिमला हैरिटेज ट्रैक, जानिए कैसे
परवाणु से सोलन तक फोरलेन बनाने के कार्य से रबौण में हैरिटेज रेल ट्रैक को भी खतरा पैदा हो गया है। यहां से रोजाना ट्रेनें कालका से शिमला व नीचे की ओर गुजरती हैं, जिससे यहां कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है। अभी तक न तो एन.एच.ए.आई. और न ही निर्माण कंपनी इस पर गंभीर है। उल्लेखनीय है कि फोरलेन के लिए की जा रही कटिंग से परवाणु से लेकर सोलन तक कई स्थानों पर लोग प्रभावित हुए हैं। उनके मकानों को खतरा पैदा हो गया है। अब सोलन के समीप रबौण में कालका-शिमला हैरिटेज ट्रैक पर भी खतरा मंडराने लगा है।  

रामलाल बोले- अनुराग जनता को बताएं BCCI के अध्यक्ष पद से क्यों किया गया था बर्खास्त
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर ने अनुराग ठाकुर को घेरते हुए कहा कि वह जनता को बताएं बीसीसीआई के प्रतिष्ठित अध्यक्ष पद से उन्हें क्यों हटाया गया था। उन्होंने कहा कि इससे हमीरपुर की छवि देश और विदेशों में खराब हुई है। बिलासपुर के दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामलाल ठाकुर ने कहा कि लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। उनके उत्साह को देखते हुए यह लगता है कि हमीरपुर सीट पर कांग्रेस की जीत होगी। 

भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने रोटरी चौक पर फूंका राहुल गांधी का पुतला 
भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को रोटरी चौक पर एकत्रित होकर जिलाध्यक्ष बलराम बबलू की अध्यक्षता में राहुल गांधी का पुतला फूंका। इस दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। 

यहां बस ऑपरेटरों ने एक दूसरे पर बरसाए लात-घूंसे, Video Viral
हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में सवारियों को लेकर निजी बस चालक-परिचालक आपस में उलझ गए है। जिसका एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जानकारी के अनुसार नेशनल हाइवे -21 चंडीगढ़-मनाली पर स्थित गुटकर में दो प्राइवेट बसें मंडी से सुंदरनगर की ओर जा रही थी। इसी दौरान टाइम टेबल और सवारियां बिठाने की होड़ को लेकर तू-तू मैं-मैं हुई और बाद में यह विवाद लात-घूंसों तक पहुंच गया।

जानिए क्यों पुलिस छावनी में तबदील हुआ सतपाल सत्ती का घर
हिमाचल बीजेपी अध्यक्ष सतपाल सत्ती द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी पर विवादित टिप्पणियों के बाद हिमाचल की वादियां भी सियासी गर्माहट से पिघलने की कगार पर हैं। दरअसल इन टिप्पणियों के बाद कांग्रेस ने सतपाल सत्ती के घर का घेराव किए जाने की चेतावनी दी थी, जिसके चलते ऊना में उनके घर को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।

दुनिया की सबसे खतरनाक 8th MTB Race का हुआ आगाज
दुनिया की सबसे खतरनाक और रोमांचक 8वीं एमटीबी साइकिल रेस का आगाज शुक्रवार को शिमला से हो गया है। रेस में 6 देशों के 102 प्रतिभागी भाग ले रहे हैं जिसमें भारतीय रक्षा बल के प्रतिभागी भी शामिल हैं। रेस शिमला से मशोबर , भेखलटी, सरोग ,क्यारटू, क्यारकोटी, क्रेगनेनो से शिमला रिज मैदान में 21 अप्रैल को सम्पन होगी। साइक्लिस्ट दो दिन में 110 किलोमीटर के टेढ़े- मेढ़े और सर्पीले रास्तों से सफर तय करेेंगे। पर्यावरण को सुरक्षित रखने के मकसद से इस बार प्लास्टिक की पानी की बोतले इस्तेमाल नहीं होगी। रेस का शुभारंभ रिज मैदान से अतिरिक्त मुख्य सचिव राम सुभाग सिंह ने किया।

Ekta