Himachal Express: दिल्ली चुनावों के बाद बढ़े गैस सिलेंडर के दाम, पढ़ें बड़ी खबरें

Thursday, Feb 13, 2020 - 05:32 PM (IST)

शिमला: पंजाब केसरी के इस न्यूज बुलेटिन में पढ़ें हिमाचल की राजनीति से लेकर अपराध जगत तक की बड़ी खबरें।

हिमाचल में महंगा हुआ गैस सिलैंडर
हिमाचल में गैस सिलैंडर महंगा हो गया है। अब गैस उपभोक्ताओं को घरेलू गैस सिलैंडर 144.50 रुपए और महंगा मिलेगा। दिल्ली में चुनावों के बाद दिल्ली सहित हिमाचल में भी गैस सिलैंडर के दाम बढ़ गए हैं। इससे पहले घरेलू गैस सिलैंडर उपभोक्ताओं को 808.50 पैसे मिल रहा था, वहीं अब यह गैस सिलैंडर 953 रुपए में मिलेगा।

पुलिस ने नयनादेवी में दबोचे 2 भगौड़े
बिलासपुर पुलिस की विशेष अन्वेषण शाखा ने 2 उद्घोषित अपराधियों को करीब 2 वर्ष 2 महीने बाद नयनादेवी से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए इन आरोपियों पर मारपीट करने व दहेज के लिए तंग करने के आरोप हैं। जानकारी के अनुसार एक सितम्बर, 2009 को थाना कोट में सुलोचना देवी ने शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसकी शादी करीब 11 वर्ष पहले भटेड़ के राम कृष्ण के साथ पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ हुई थी।

दिल्ली चुनाव परिणामों से कांग्रेस को सीख लेने की जरूरत
दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को मिली करारी हार को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि चुनाव में कांग्रेस पार्टी कुछ खास नहीं कर पाई है, जिसके लिए कांग्रेस को चिंतन करने की आवश्यकता है। कांग्रेस पार्टी को लोगों के बीच में जाकर फिर से विश्वास कायम करना होगा तभी पार्टी फिर से मजबूत हो सकती है। पार्टी को कुछ कड़े फैसले लेने होंगे तभी पार्टी सत्ता में काबिज हो सकती है।

जंगलों में अवैध तरीके से निकाल डाली कसमल की जड़े
सुकेत वन मंडी सुंदरनगर के अंतर्गत जयदेवी रेंज के रोहांडा ब्लॉक में जंगलों से कसमल की जड़ों को गैरकानूनी तरीके से निकाल कर बड़े-बड़े गड्ढे पाए गए। मौके पर स्थानीय लोगों द्वारा अपनी मलकियत भूमि से कसमल की जड़े निकालने की बजाए जंगलों को अपना शिकार बनाया जा रहा है। बता दें कि कसमल की जड़ दवाएं बनाने के लिए प्रयोग में लाई जाती हैं और वर्तमान में 10 वर्ष के बाद रोहांडा ब्लॉक में कसमल की जड़ को लोगों की मलकियत जमीन के अंदर से निकालने की मंजूरी मिली हुई है।

सड़क पर दौड़ रही कार में अचानक लगी आग
शिमला राजधानी में बुधवार रात कच्ची घाटी के पास सड़क पर दौड़ रही एक गाड़ी(HP 02A-0444) में अचानक आग लग गई। घटना बीती रात की है जब गाड़ी चालक अशोक कुमार अपनी गाडी नं0 एचपी 02-0444 से टुटू की और जा रहा था तो कुडा सयन्त्र भरयाला के पास पहुंचा तो गाडी से धुआ निकलने लगा। अशोक ने चैक किया तो गाडी के अंदर आग लगी थी।

कार और बाइक में हुई जोरदार टक्कर
हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में एक सड़क हादसा हो गया है। जहां एक कार और बाइक में जोरदार टक्कर हो गई। बता दें कि कुल्लू मनाली के पास बाहंग में हादसा हुआ। टक्कर इतनी भयानक थी कि चालक की कार सड़क पर उलट गई। इस हादसे में एक व्यक्ति घायल हो गया है।

डंडो के सहारे जयराम सरकार का सिस्टम
ये तस्वीरें रेणुका विधानसभा विधानसभा क्षेत्र की बढ़ोल पंचायत के कुणा गांव की है। तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि कैसे डंडो के सहारे कंधो पर एक मरीज को यहां के लोग अस्पताल की तरफ ले जा रहे हैं। दरअसल गांव को आज तक सड़क सुविधा नहीं मिल पाई है। अंदाजन जब भी किसी मरीज को अस्पताल पहुंचाना पड़ता है तो कुछ इस तरह की तस्वीर सामने आती है।

देश सेवा के बाद फौजी ने इस गांव को बनाया Dream Village
कुल्लू के प्राकृतिक सुंदरता से भरे गांव आज बाहरी राज्यों के पर्यटकों का मन मोह रहे हैं तो वहीं उपमंडल बंजार का जीभी गांव भी देसी व विदेशी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनते जा रहा हैं। जीभी गांव जहां गर्मियों में सैलानियों से भरा रहता है तो वहीं सर्दियों में भी यहां की सुंदरता को निहारने के लिए पर्यटकों का आना जाना लगा रहता है। लेकिन कुछ सालों पहले इस गांव को कोई नहीं जानता था।

राम गोपाल मंदिर डमटाल की गऊशाला फिर सुर्खियों में
जिला कांगड़ा की इंदौरा विधानसभा के अंतर्गत आती राम गोपाल मंदिर डमटाल की गऊशाला एक बार फिर सुर्खियों में आ गई है। गऊशाला में कार्यरत कर्मचारियों ने मंदिर प्रशासन पर कम वेतन देने का आरोप लगाया है। कर्मचारियों ने बताया कि पहले उन्हें 7500 रुपए वेतन मिला था लेकिन अब उन्हें 225 रुपए दिहाड़ी के हिसाब से महीने का 6750 रुपए वेतन दिया जा रहा है जोकि उनके साथ अन्याय है।  
 

kirti