Himachal Express:धर्मशाला-पच्छाद सीट पर BJP ने लहराया जीत का परचम, पढ़िए बड़ी खबरें

Thursday, Oct 24, 2019 - 05:18 PM (IST)

शिमला: धर्मशाला-पच्छाद सीट पर बीजेपी ने अपनी जीत का परचम लहराया है। बीजेपी प्रत्याशी विशाल नैहरिया की जीत की खुशी से भाजपा कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं। रीना कश्यप की जीत की खुशी से भी भाजपा कार्यकर्ताओं में खुशी का माहौल है। तो अब एक क्लिक में पढ़िए राज्य की अब तक की बड़ी खबरें।   

जीत के बाद विशाल नैहरिया ने इंद्रू नाग का लिया आशीर्वाद
धर्मशाला हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला सीट पर उपचुनाव के चुनावी नतीजे आ गए हैं। बीजेपी धर्मशाला में जीत के जश्न में डूब गई है। पार्टी के विजयी कैंडिडेट विशाल नैहरिया ने सबसे पहले इंद्रू नाग के दर पर जाकर माथा टेका। उसके बाद उन्होंने प्रसिद्ध शक्तिपीठ माता चामुंडा देवी के दर हाजिरी लगाकर आशीर्वाद लिया। धर्मशाला से शानदार जीत दर्ज करने के बाद भाजपा ने शहर में विजय जुलूस निकाला और जमकर दिवाली से पूर्व आतिशबाजी की उपचुनाव के उपरान्त धर्मशाला सीट पर भाजपा ने दोबारा कब्जा कर लिया। इस सीट पर भाजपा के विशाल नैहरिया ने जीत दर्ज की है। 

उपचुनाव की मतगणना ने रद्द किया पेपर
गर्वमेंट कॉलेज धर्मशाला में इंप्रूवमेंट के लिए स्पेशल चांस की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थी उस समय हैरान रह गए जब उन्हें पता लगा कि उनका पेपर ही स्थगित हो गया है। बता दें कि परीक्षार्थियों को इस बात की सूचना धर्मशाला स्थित गर्वमेंट कॉलेज पहुंचकर मिली। गुरुवार को बीए/बीएससी/बी कॉम के फर्स्ट ईयर में पोलिटिकल साइंस की परीक्षा होनी थी। जिसके लिए दूर-दूर से परीक्षार्थी पहुंचे थे। इनमें बाहरी राज्यों में नौकरी करने वाले भी थे। लेकिन हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव धर्मशाला की मतगणना धर्मशाला पीजी कॉलेज धर्मशाला के प्रयास भवन में शुरू हो गई। 

धर्मशाला उपचुनाव: BJP ने लहराया जीत का परचम
धर्मशाला विधानसभा सीट के लिए हुए उपचुनाव के नतीजों के लिए काउंटिंग गुरुवार को सुबह आठ बजे शुरू हुई। धर्मशाला में भाजपा को 23297 वोट और कांग्रेस को 8189 और आजाद प्रत्याशी राकेश चौधरी को 16724 वोट मिले। भाजपा के विशाल नैहरिया ने 6673 वोटों से जीत दर्ज की। 9 राउंड की गिनती के बाद विशाल को 23397 मत मिले। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी निर्दलीय राकेश चौधरी को 6758 मतों से हराया। राकेश को 16724 मत मिले। वहीं कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। विजय इंद्र कर्ण को 8189 मत मिले। 

धर्मशाला में विशाल नैहरिया की जीत का जश्न
धर्मशाला में बीजेपी ने जीत का परचम लहरा दिया है। बीजेपी प्रत्याशी विशाल नैहरिया की जीत की खुशी से भाजपा कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं। पटाखे और आतिशबाजी चलाई जा रही है। इतना ही नहीं कार्यकर्ता जीत की खुशी में लोगों को लड्डू बांट रहे हैं। सड़कों पॉर रैली निकालकर जश्न मनाया जा रहा है। बता दें कि विशाल नैहरिया 6758 मतों से जीते हैं। कुल 82137 मतदाता थे जिनमें से 52485 वोट डाले गए। 430 लोगों ने नोटा दबाया। 24 मत रिजेक्ट हुए। 

पच्छाद में BJP ने लहराया जीत का परचम
पच्छाद उपचुनाव में भाजपा ने जीत का परचम लहरा दिया है। बीजेपी ने 2742 मतों से जीत हासिल की है। बता दें कि रीना कश्यप की जीत की खुशी से भाजपा कार्यकर्ता जश्न में डूब गए हैं। पटाखे और आतिशबाजी चलाई जा रही है। इतना ही नहीं कार्यकर्ता जीत की खुशी में लोगों को लड्डू बांट रहे हैं। बताया जा रहा है कि भाजपा को 22048 और कांग्रेस को 19306 वोट मिले है जबकि निर्दलीय दयाल प्यारी को 11651 वोट मिल पाए है। 

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर ने स्वीकारी हार
प्रदेश के 2 विधानसभा क्षेत्रों धर्मशाला और पच्छाद में मिली कांग्रेस को करारी हार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने स्वीकार किया है और कहा कि जनता ने जो जनादेश दिया है, कांग्रेस उसका सम्मान करती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने चुनाव में पूरी मेहनत के साथ काम किया और भाजपा को कड़ी टक्कर दी। 

दिवाली पर BJP को मिला तोहफा
हिमाचल प्रदेश की धर्मशाला और पच्छाद सीट के उपचुनाव की परीक्षा को जयराम सरकार ने सफलता के उत्तीर्ण कर लिया है। दोनों सीटों पर जनता ने भाजपा के उम्मीदवारों को चुन कर विधानसभा भेजा है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में भाजपा ने दोनों सीट पर अच्छी जीत हासिल की है। धर्मशाला में 6758 मतों से भाजपा के विशाल नैहरिया ने जीत दर्ज की है जबकि पच्छाद से 2742 मतों से रीना कश्यप विजयी हुई है। जीत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा है कि यह जनता की जीत है। दिवाली से पहले लोगों ने भाजपा के प्रत्याशियों को जीताकर सरकार को तोहफा दिया है जिसके लिए मुख्यमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं और जनता का धन्यवाद भी किया है।  

शिमला में बाहरी राज्यों के वाहनों से MC वसूलेगा Green Tax
पहाड़ों की रानी शिमला की सैर करना अब महंगा हो जाएगा। शिमला में आने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों को अब ग्रीन टैक्स चुकाना होगा। शिमला नगर निगम ने ग्रीन टैक्स वसूलने का खाका तैयार कर सरकार की मंजूरी के लिए भेज दिया है। बुधवार को नगर निगम की एफसीपीसी की बैठक में प्रस्ताव पर चर्चा के बाद सरकार को भेज दिया है। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद शहर में नगर निगम वाहनों से ग्रीन टैक्स वसूलना शुरू कर देगा। हालांकि 3 महीने तक नगर निगम पर्यटकों को जागरूक करेगा और जुर्माने में राहत देगा। नगर निगम  ने छोटे वाहनों से एंट्री प्वाइंट पर 200 रुपए, दोपहिया वाहनों से 50 रुपए जबकि बड़ी गाडिय़ों से 300 रुपए फीस निर्धारित की है। 

धर्मशाला व पच्छाद में भाजपा की जीत पर चहके धूमल
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल ने हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला एवं पच्छाद विधानसभा में हुए उपचुनावों में मिली जीत पर भाजपा के दोनों उम्मीदवारों को बधाई दी है। भाजपा के प्रत्याशियों में अपना विश्वास व्यक्त करने के लिए जनता का और मतदाताओं का धन्यवाद करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने प्रदेश नेतृत्व, कार्यकर्ताओं एवं प्रदेश सरकार को भी बधाई दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ता इस जीत के लिए बधाई के पात्र हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार मिलकर और अधिक समर्पण के साथ जनता की सेवा का काम लगातार करते रहेंगे। 

पंचायत उपचुनावों का बजा बिगुल
विधानसभा उपचुनावों के बाद अब पंचायत उपचुनावों का बिगुल बज गया है। बिलासपुर में 17 नवम्बर को वोटिंग खंड विकास अधिकारी रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिलाधीश बिलासपुर राजेश्वर गोयल ने पत्रकारों को यह जानकारी दी। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन-2019 की अधिसूचना का अनुपालन करते हुए जिला निर्वाचन अधिकारी(पंचायत) एवं उपायुक्त राजेश्वर गोयल ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के उप निर्वाचन के कार्यक्रम के बारे में अधिसूचना जारी कर दी गई है। अधिसूचना के अनुसार रिक्त पद के लिए सारी व्यवस्था पूर्ण रूप से विभाग द्वारा कर ली गई है। 

अस्पताल में इंजैक्शन के रिएक्शन से रैफर बच्ची की PGI में मौत
हमीरपुर जिले के सिविल अस्पताल बड़सर में इंजैक्शन लगाने के बाद कई मरीजों को रिएक्शन होने से उनकी तबीयत बिगड़ गई। इनमें से रैफर की गई एक बच्ची की मौत हो जाने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। इस घटना के उपरांत सिविल अस्पताल में बवाल हो गया है। स्थिति को बिगड़ता देख अस्पताल में पुलिस को तैनात किया गया है। इस घटना के उपरांत मरीजों व परिजनों में अस्पताल प्रशासन के खिलाफ जबरदस्त आक्रोश पैदा हो गया है। क्षेत्र के लोगों में पैदा हुए रोष व बढ़ते तनाव के मद्देनजर बड़सर पुलिस ने अस्पताल परिसर व चिकित्सकों की सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस कर्मियों की तैनाती कर दी है।

Ekta