IGMC में लगी भीषण आग, ग्लेशियर गिरने से रुकी श्रीखंड महादेव यात्रा, पढ़िए Himachal Express

Wednesday, Jul 17, 2019 - 05:19 PM (IST)

शिमला: आईजीएमसी शिमला के मेडिकल कॉलेज में अचानक भीषण आग भड़क उठी। बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से लैब के अंदर मौजूद मशीनें और दस्तावेज जलकर राख हो गए। हिमाचल के कुल्लू में श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान ग्लेशियर गिरने से 7 तीर्थयात्री घायल हो गए हैं जबकि 50 से 60 फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया है। घायल हुए लोगों में से तीन को हल्की चोटें आई हैं। एक बुजुर्ग महिला यात्री द्वारा एचआरटीसी कंडक्टर के साथ बदतमीजी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कंडक्टर बुजुर्ग महिला से पूछ रहा है कि किराया कौन देगा? इस पर बुजुर्ग महिला जबाव देती है कि किराया तेरा बाप देगा। पांवटा साहिब में 6 दिन के बाद 10 महीने की बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं। 

IGMC में लगी अचानक भीषण आग, विद्यार्थियों ने ऐसे बचाई जान
आईजीएमसी शिमला के मेडिकल कॉलेज में अचानक भीषण आग भड़क उठी। बुधवार दोपहर अचानक आग लगने से लैब के अंदर मौजूद मशीनें और दस्तावेज जलकर राख हो गए। इसके अलावा अन्य जरूरी उपकरणों को भी नुकसान पहुंचा है। आग लगने से कोई भी हताहत नहीं हुआ है। पैथोलॉजी लैब में रखे रिकार्ड ,मरीजो की टेस्ट रिपोर्ट, कमरे में रखी मशीनरी भी जल कर राख हो गई। आग लगने से लाखों के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। घटना की सूचना मिलते ही फायर कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पा लिया है। 

कुलदीप राठौर ने दी नए राज्यपाल कलराज मिश्र को बधाई
हिमाचल प्रदेश के 26वें राज्यपाल नियुक्त होने पर कलराज मिश्र को कांग्रेस अध्यक्ष ने बधाई दी। साथ ही उन्होंने उम्मीद जताई कि मिश्र प्रदेश में विपक्ष की बात सुनेंगे। कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप राठौर ने राज्यपाल आचार्य देवव्रत को कांग्रेस पार्टी की ओर से शुभकामनाएं दी है। राठौर ने कहा है कि लोकतंत्र में विपक्ष की अहम भूमिका होती है। ऐसे में उन्हें उम्मीद है हिमाचल के नए राज्यपाल विपक्ष को अनदेखा नहीं करेंगे। 

बागवानों से 6 फीसदी कमीशन वसूली पर लगे रोक: राठौर
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने सरकार से नई दिल्ली में सेब आढ़तियों की तरफ से 6 फीसदी कमीशन वसूली का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोप लगाया कि बागवानों से कमीशन वसूली की जा रही है, जो चिंताजनक है। राठौर ने कहा कि प्रदेश के बागवानों का किसी भी प्रकार से शोषण नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले सभी आढ़तियों पर भी नजर रखी जानी चाहिए, ताकि बागवानों से किसी प्रकार की न लूट हो। 

HRTC कंडक्टर ने मांगा किराया तो बुजुर्ग महिला ने दी गंदी-गंदी गालियां
एक बुजुर्ग महिला यात्री द्वारा एचआरटीसी कंडक्टर के साथ बदतमीजी का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। कंडक्टर बुजुर्ग महिला से पूछ रहा है कि किराया कौन देगा? इस पर बुजुर्ग महिला जबाव देती है कि किराया तेरा बाप देगा। जब इस वीडियो की जांच पड़ताल की गई तो यह मंडी जिला के रिवालसर के पास वाले रूट का निकला। एचआरटीसी में बतौर कंडक्टर तैनात ने इस वीडियो को करीब एक सप्ताह पहले बनाया था।  

ग्लेशियर गिरने से रुकी श्रीखंड महादेव यात्रा, 7 तीर्थयात्री घायल
हिमाचल के कुल्लू में श्रीखंड महादेव यात्रा के दौरान ग्लेशियर गिरने से 7 तीर्थयात्री घायल हो गए हैं जबकि 50 से 60 फंसे यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया है। घायल हुए लोगों में से तीन को हल्की चोटें आई हैं। हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया था। फिलहाल बुधवार सुबह हुई इस घटना के बाद यात्रा को भीम द्वार पर रोक दिया गया है।  

ब्यास नदी के किनारे फोटोग्राफी करना पड़ा महंगा
ब्यास नदी के किनारे दोस्तों संग मौज-मस्ती करना एक पर्यटक को उस समय महंगा पड़ गया, जब वह पत्थर से फिसल कर ब्यास नदी में जा गिरा। हालांकि स्थानीय लोगों व मनाली पुलिस के सहयोग से सैलानी को रैस्क्यू कर लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया। जानकारी के अनुसार रेवाड़ी से अपने दोस्तों संग मनाली घूमने आया पर्यटक ललित यादव (25) मंगलवार शाम वन विहार में घूम रहा था। इस दौरान वह ब्यास नदी के किनारे जा पहुंचा और वहां एक पत्थर पर बैठकर फोटो खिंचवाने लगा। इस दौरान उसका पैर फिसला और वह ब्यास नदी में जा गिरा।  

कलियुगी मां की घिनौनी करतूत का शिकार हुई 10 महीने की बच्ची, 6 दिन बाद मिला शव
पांवटा साहिब में 6 दिन के बाद 10 महीने की बच्ची का शव मिला है। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के बाद गुरुवार को परिजनों को सौंपा जाएगा। बता दें कि 12 जुलाई को खोडोंवाला में एक मां ने अपनी 10 महीने की बच्ची को यमुना नदी में छोड़ दिया। अब 6 दिन बाद बच्ची का शव पानी में मिला है। दरअसल शव काफी फूल गया है। जानकारी के अनुसार यमुना नदी में गांव के कुछ बच्चे गए हुए थे, वहां उन्होंने बच्ची के शव को पानी में तैरते हुए देखा।  

HC के आदेशों पर अवैध कब्जाधारियों पर शिकंजा, 50 के कटे बिजली-पानी
हाईकोर्ट के आदेशों के बाद नाहन शहर में अवैध कब्जाधारियों पर कार्रवाई का सिलसिला जारी है। बुधवार को शहर में करीब 55 मकानों के बिजली-पानी के कनेक्शन काटे गए। वहीं इसके बाद अगली प्रक्रिया अमल में लाई जाएगी। नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी अजमेर सिंह ने बताया कि अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ नगर परिषद की कार्रवाई लगातार जारी है। 

यहां खाकी वर्दी पहनने का युवाओं में दिखा खासा क्रेज
खाकी वर्दी पहनने का सपना साकार करने लिए ऊना के युवाओं में खासा क्रेज देखने को मिल रहा है। प्रदेश सरकार द्वारा जिला ऊना के लिए 95 पदों की भर्ती के लिए प्रक्रिया शुरू हो गई है। ऊना के लिए पुरूष आरक्षी के लिए 63, महिला आरक्षी 18 व आरक्षी ड्राइवर के 12 पद आरक्षित हैं। जिला ऊना में 6425 युवाओं ने भर्ती में हिस्सा लेने के लिए आवेदन किया है। भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन 800 पुरूष उम्मीदवारों को बुलावा पत्र भेजे गए थे। जिसमें 663 युवाओं का मैदान में शारीरिक परीक्षण किया गया, शारीरिक परीक्षण में 1500 मीटर दौड़, शारीरिक लंबाई एंव छाती मापदंड, ऊंची कूद व लंबी कूद हुई।

Ekta