सोलन में बिल्डिंग गिरने से मची अफरा-तफरी, CM ने सराज को दी करोड़ों की सौगातें, Himachal Express

Sunday, Jul 14, 2019 - 05:19 PM (IST)

शिमला: सोलन के कुमारहट्टी नाहन रोड पर एक बिल्डिंग गिरने से मलबे में करीब 30 लोगों के दबने की आशंका है। आने वाले समय में सराज का नाम देश ही नहीं बल्कि विश्व के पर्यटन मानचित्र पर दिखाई देगा। जहां हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं।  इस बार पिछले वर्ष की तुलना में सेब की पैदावार काफी अच्छी है और सरकार भी सेब बागवानों को फसल के अच्छे दाम दिलाने के लिए भरपूर मेहनत करती नजर आ रही है। जब हौसले बुलंद हों तो राह की हर मुश्किल आसान हो जाती है। ऐसा ही कुछ मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत से दिव्यांग रजत कुमार ने कर दिखाया। आजादी के बाद एक वर्ष में यदि 10 मीटर भी सड़क मार्ग बना होता तो चटठ बस्ती के लोग आज सड़क मार्ग से जुड़े होते। यूं तो पूरे हिमाचल में मानसून ने दस्तक दे दी है और चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। मगर बरसात के मौसम में भी पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना गांव के लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं।

सोलन में एक बिल्डिंग गिरने से मची अफरा-तफरी
सोलन के कुमारहट्टी नाहन रोड पर एक बिल्डिंग गिरने से मलबे में करीब 30 लोगों के दबने की आशंका है। यह हादसा रविवार को दोपहर के समय हुआ। सोलन से पुलिस फायर विभाग एंबुलेंस मौके की ओर रवाना हो चुके हैं। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ लगी हुई है फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। बता दें कि हिमाचल में कई दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है जिससे कई जगह पर भूस्खलन हो रहा है और घरों को भी नुकसान पहुंच रहा है।

CM जयराम ने सराज को दी करोड़ों की सौगातें
आने वाले समय में सराज का नाम देश ही नहीं बल्कि विश्व के पर्यटन मानचित्र पर दिखाई देगा। जहां हिमाचल प्रदेश में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, वहीं मंडी जिला का सराज क्षेत्र भी पाकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण है। यह बात मंडी जिला के सराज विधानसभा क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे पर अपने गृह क्षेत्र में जनहित की करोड़ों रुपए की योजनाओं का शिलान्यास करने के उपरांत मीडिया से अनौपचारिक बातचीत में कही। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने पूर्व की सरकारों पर मंडी जिला के सराज के साथ पर्यटन के क्षेत्र में अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने पूर्व सरकारों पर हमला बोलते हुए कहा कि आज तक किसी ने सराज के पर्यटन के बारे में नहीं सोचा लेकिन अब सराज के जंजैहली में ही करोड़ों के प्रोजेक्ट आगे बढ़ें हैं।

बागवानों को सेब के अच्छे दाम दिलाने के लिए सरकार की नई पहल
हिमाचल प्रदेश में इस बार पिछले वर्ष की तुलना में सेब की पैदावार काफी अच्छी है और सरकार भी सेब बागवानों को फसल के अच्छे दाम दिलाने के लिए भरपूर मेहनत करती नजर आ रही है। सरकार ने रेलवे विभाग से संपर्क करके प्रदेश के सेब को रेलवे के माध्यम से पर्यटकों को परोसने की योजना बनाई है। इसके अलावा दूसरे राज्यों के विपणन विभागों व मंडियों से भी एपीएमसी संपर्क में है।

हाथ नहीं होने के बावजूद हौसले बुलंद
जब हौसले बुलंद हों तो राह की हर मुश्किल आसान हो जाती है। ऐसा ही कुछ मजबूत इरादों और कड़ी मेहनत से दिव्यांग रजत कुमार ने कर दिखाया। हाथ नहीं होने के बावजूद रजत ने मुंह से पेन पकड़कर खुद परीक्षा दी। वह अब युवाओं के रोल मॉडल बनते जा रहे हैं। राष्ट्रीय पात्रता प्रवेश परीक्षा (नीट) उत्तीर्ण करने के बाद अब कुल्लू जिले के आनी का रजत नेरचौक मेडिकल कॉलेज से एमबीबीएस करेगा।

अब Pong Lake में देखने को मिलेगी Floating jetty
पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विख्यात झीलों में दिखने वाले फ्लोटिंग जैटी अब पौंग लेक की शोभा बढ़ाएगी। पानी का स्तर कम होने पर भी वोट तक पहुंचने में यह सबसे अहम भूमिका अदा करने वाली है। बता दें कि पौंग झील का पर्यटन की दृष्टि से पूरी तरह विकसित करने का प्लान वाइल्ड लाइफ विभाग ने तैयार किया है जिस पर उन्होंने साढ़े 4 करोड़ रूपए व्यय किए और प्रदेश सरकार को भेजा। जिसके बाद सरकार ने हरी झंडी दे दी है। पौंग लेक रामसर साईट को विकसित करने के लिए भोपाल की फर्म द्वारा निर्मित फाईबर बोट पौंग लेक पहुंच गई है।

आजादी के 72 साल बाद भी नहीं इस गांव के नसीब में भाग्य रेखा
आजादी के बाद एक वर्ष में यदि 10 मीटर भी सड़क मार्ग बना होता तो चटठ बस्ती के लोग आज सड़क मार्ग से जुड़े होते। यदि कोई बीमार हो जाए तो उसे सड़क मार्ग तक लाने के लिए जो तरीका अपनाया जाता है वह सदियों पहले की याद अवश्य दिला देता है। मामला जयसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत सुभाषनगर मल्ली आशापुरी के मध्य बसी चटठ बस्ती का है। लोग लंबे समय से सड़क मार्ग की मांग उठाते आ रहे हैं। परंतु सरकारेें आईं तथा चली गईं परंतु बस्ती को सड़क मार्ग से जोड़ने की कवायद पूरी नहीं हो पाई। आजादी के 72 वर्ष बाद भी 720 मीटर सड़क नहीं बन पाई।

पानी की समस्या से जूझ रहा पांवटा का ये गांव
यूं तो पूरे हिमाचल में मानसून ने दस्तक दे दी है और चारों ओर पानी ही पानी दिखाई दे रहा है। मगर बरसात के मौसम में भी पांवटा साहिब के हरिपुर टोहाना गांव के लोग पीने के पानी के लिए तरस रहे हैं। यहां स्थानीय लोगों ने बताया कि उनके गांव में पिछले 2 महीने से पानी नहीं आ रहा है जिस कारण इनको पीने का पानी बाहर से पैसे देकर लाना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि हर रोज इन लोगों को पानी की समस्या के लिए दो चार होना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने इस बारे में जल विभाग को कई बार अवगत कराया है। जल विभाग उन्हें पानी उपलब्ध कराने में असमर्थ है।

वीरभद्र सिंह से मिलने हॉली लॉज पहुंचे राठौर
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने शनिवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह से उनके निजी आवास हॉली लॉज में मुलाकात की। इस दौरान जहां राठौर ने वीरभद्र सिंह के स्वास्थ्य का कुशलक्षेम पूछा, वहीं संगठन में फेरबदल तथा प्रदेश के दो विधानसभा क्षेत्रों में होने वाले उपचुनाव को लेकर भी मंथन किया। साथ ही प्रदेश के ताजा राजनीतिक घटनाक्रम तथा पार्टी को मजबूत करने के लिए भी दोनों नेताओं के बीच चर्चा हुई।

यहां भारी बारिश ने बरपाया कहर
पांवटा साहिब के शिलाई में भारी बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। जहां बारिश से एक मकान के ढहने का जबरदस्त वीडियो सामने आया है। हालांकि घटना के समय मकान में कोई नहीं था अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं मकान के अन्य कमरे भी गिरने की कगार पर है।

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

 

kirti