अब नड्डा-मोदी की जोड़ी होगी हिट, जम्मू-कश्मीर में शहीद हुआ हिमाचल का लाल, पढ़िए Himachal Express

Tuesday, Jun 18, 2019 - 04:39 PM (IST)

शिमला: जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब मोदी-शाह की जोड़ी की तरह ही नड्डा और मोदी की जोड़ी भी हिट होगी। हिमाचल के ऊना जिला का जवान अनिल कुमार जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गया। अनिल कुमार (25) उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत चमियाडी के गांव सरोह का रहने वाला था। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के छात्र को अमेरिका से जॉब का ऑफर आया है। आप सालाना सैलरी पैकेज जानकर हैरान रह जाएंगे। बता दें कि अमेरिका की नामी मल्टी नेशनल कंपनी ने साफ्टवेयर इंजीनियर परम सिंह को 1.20 करोड़ सालाना पैकेज का ऑफर लेटर दिया है। इन्हीं सब मुद्दों को लेकर हिमाचल में घटित खबरों से हम आपको अवगत करवाते हैं।   

मोदी-शाह की तरह ही हिट होगी नड्डा और मोदी की जोड़ी
जेपी नड्डा को भाजपा का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने पर हिमाचल प्रदेश के भाजपा कार्यकर्ताओं में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री ने जेपी नड्डा को बधाई देते हुए कहा कि अब प्रदेश छोटा नहीं रह गया बल्कि बहुत बड़ा हो गया है, क्योंकि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी की सबसे बड़ी जिम्मेदारी हिमाचल को मिली है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी और अमित शाह का भी प्रदेश के एक कार्यकर्त्ता को इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने पर आभार व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के किसी भी व्यक्ति को आज तक किसी भी पार्टी ने इतना बड़ा दायित्व नहीं सौपा था। यह प्रदेश के लोगों की कल्पना से भी बाहर है। उन्होंने कहा कि अब मोदी-शाह की जोड़ी की तरह ही नड्डा और मोदी की जोड़ी भी हिट होगी। 

हिमाचल को मिला बड़ा पद, JP नड्डा बने BJP के कार्यकारी अध्यक्ष
जगत प्रकाश नड्डा को भाजपा का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। दिल्ली में सोमवार को भाजपा संसदीय बोर्ड की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक के बारे में बताते हुए रक्षा मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह ने कहा कि अमित शाह ने 5 साल तक पार्टी अध्यक्ष का दायित्व सफलतापूर्वक निभाया, अब अमित शाह गृहमंत्री हैं इसलिए उन्होंने किसी और को अध्यक्ष का दायित्व देने का आग्रह किया। इसके बाद संसदीय बोर्ड ने तय किया कि जे.पी. नड्डा भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष होंगे। नड्डा अब प्रदेश के ऐसे पहले नेता बन गए हैं जो किसी पार्टी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की कुर्सी तक पहुंचे हैं। 

जज्बे को सलाम: हिमाचल के गबरू ने लद्दाख स्टॉक कांगड़ी चोटी पर फहराया तिरंगा
हिमाचल के गबरू ने एक बार प्रदेश का नाम रोशन किया है। बिलासपुर की फटोह पंचायत के पनोह निवासी पंकज चंदेल (23) ने महज 3 दिन में 20 हजार 187 फुट से अधिक ऊंचाई पर लद्दाख की स्टॉक कांगड़ी चोटी पर तिरंगा फहराया। एडवेंचर क्षेत्र में एक निजी कंपनी में बतौर टूर एडवाइजर कार्य करने वाले पंकज चंदेल ने बताया कि ऐसी कठिन यात्राओं के लिए न केवल विशेष प्रशिक्षण की जरूरत होती है बल्कि इसके लिए अदम्य साहस की भी जरूरत होती है। 

नड्डा की ताजपोशी के जश्न में डूबा बिलासपुर
पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बन गए है। इस मौके पर उनके पैतृक गांव विजयपुर में लोग खुशी से झूम उठे है।  बता दें कि नड्डा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद भाजपा कार्यकर्ता ने मिठाइयां बांटकर एवं पटाखे चलाकर नारेबाजी करते हुए अपनी खुशी का इजहार किया। साथ ही वह ढोल की थाप पर खूब नाचने। वहीं भाजपा के कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि नड्डा के भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने से भाजपा को मजबूती मिलेगी और बिलासपुर सहित हिमाचल प्रदेश विकास के स्थापित नए आयाम करेगा। 

NIT हमीरपुर के छात्र को America से आया Job Offer
राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) हमीरपुर के छात्र को अमेरिका से जॉब का ऑफर आया है। आप सालाना सैलरी पैकेज जानकर हैरान रह जाएंगे। बता दें कि अमेरिका की नामी मल्टी नेशनल कंपनी ने साफ्टवेयर इंजीनियर परम सिंह को 1.20 करोड़ सालाना पैकेज का ऑफर लेटर दिया है। परम ने 5 साल के अंदर कंप्यूटर साइंस में एक साथ बीटेक और एमटेक की दोहरी डिग्री में सफलता हासिल की। 

अब बॉडी वार्न कैमरे के साथ ड्यूटी बजाएगी HP पुलिस
हिमाचल पुलिस भी अब विकसित देशों की पुलिस पैट्रोलिंग की तर्ज पर अब चैकिंग के दौरान होने वाली घटनाओं को कैमरे में कैद करेगी ताकि पुलिस कर्मियों के साथ होने वाली बदतमीजी की घटनाओं और आम जनता द्वारा पुलिस कर्मियों पर लगाए जाने वाले आरोपों की सही जांच की जा सके। पुलिस विभाग ने अब चैकिंग के समय बॉडी वार्न कैमरा लगाना शुरू कर दिया है। इन कैमरों के माध्यम से अब दूरदराज क्षेत्र में पैट्रोलिंग कर रहे पुलिस कर्मी की हर गतिविधि पर कंट्रोल रूम के माध्यम से भी नजर रहेगी।

JP नड्डा की कामयाबी के पीछे हिमाचल के इस लक्की जिले का रहा बड़ा हाथ
भाजपा के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा की ताजपोशी के बाद प्रदेशभर में खुशी की लहर है। पहली बार हिमाचल मूल के किसी नेता को सतारूढ़ या किसी राष्ट्रीय दल में इतनी बड़ी जिम्मेवारी दी गई है। बता दें कि भाजपा संगठन की कुर्सी तक पहुंचने के लिए जेपी नड्डा की कामयाबी के पीछे सबसे बड़ा हाथ हिमाचल की सियासी प्रयोगशाला कांगड़ा का रहा है। महज 29 साल की उम्र में उनको भाजपा में कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के प्रभारी के तौर पर संगठन में पहली बड़ी जिम्मेदारी मिली थी। इतना ही नहीं वह हिमाचल सरकार में मंत्री पद तक छोड़कर दिल्ली चले गए थे।  

सांसद की शपथ लेने से पहले किशन कपूर का विधायक पद से इस्तीफा
लाेकसभा चुनावाें में बीजेपी टिकट पर चुनाव जीते हिमाचल सरकार में खाद्य आपूर्ति मंत्री किशन कपूर और पच्छाद से विधायक सुरेश कश्यप ने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। बता दें कि सांसद की शपथ लेने से पहले दाेनाें ने अपने पद से इस्तीफा दिया। विधानसभा अध्यक्ष डाॅ. राजीव बिंदल ने उनके इस्तीफे काे मंजूर कर दिया है। बताया जा रहा है कि अगर मुख्यमंत्री चाहें तो वह अगले 6 महीने तक बिना विधानसभा के सदस्य रहे भी मंत्री पद पर काबिज रह सकते हैं। जानकारी के मुताबिक सोमवार को दिल्ली में लोकसभा का बजट सत्र शुरू हो गया। 2 दिन तक सभी नवनिर्वाचित सांसद पद व गोपनीयता की शपथ लेंगे।  

जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले में शहीद हुआ हिमाचल का लाल
हिमाचल के ऊना जिला का जवान अनिल कुमार जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में आतंकियों से हुई मुठभेड़ में शहीद हो गया। अनिल कुमार (25) उपमंडल बंगाणा की ग्राम पंचायत चमियाडी के गांव सरोह का रहने वाला था। वह 6 साल पहले ही फौज में भर्ती हुआ था। 2 साल पहले उनकी शादी हुई थी और उनका 5 महीने का एक बेटा भी है। जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले ही शहीद अनिल छुट्टी काटकर ड्यूटी पर वापस गए थे। उल्लेखनीय है कि सोमवार को जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग में सुरक्षाबलों और आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ में सेना के एक मेजर और एक सैनिक घायल हो गए थे, जिसमें से इलाज के दौरान आर्मी मेजर शहीद हो गए थे। उनकी शहादत के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। 

दर्दनाक हादसा : आईसक्रीम लेने गई 6 साल की मासूम को ट्रैक्टर ने कुचला
पांवटा साहिब के सूरजपुर में एक 6 वर्षीय बच्ची की ट्रैक्टर के नीचे आने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार सूरजपुर मालवा कॉटन के पास 6 वर्षीय सौम्य आईसक्रीम लेने के लिए निकली थी कि तभी वह एक ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। बच्ची को गंभीर हालत में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब लाया गया जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मंडी में महिला डॉक्टर से छेड़छाड़ मामले में पैनडाउन स्ट्राइक पर गए डॉक्टर
पीएचसी थाची में महिला डॉक्टर के साथ हुई छेड़छाड़ और मारपीट मामले के आरोपी को अभी तक गिरफ्तार न करने को लेकर डॉक्टरों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। आज मंडी जिला के सभी सरकारी अस्पतालों में दो घंटों की पैन डाउन स्ट्राइक करने के बाद डॉक्टरों ने कल पूरे दिन की हड़ताल का ऐलान कर दिया है। हिमाचल मेडिकल ऑफिसर एसोसिएशन का कहना है कि अगर आज रात तक आरोपी की पहचान करके गिरफ्तार नहीं किया गया तो कल पूरे दिन की हड़ताल की जाएगी। एसोसिएशन के प्रदेश संयुक्त सचिव डा. दुश्यंत ठाकुर ने पूरे मामले पर सीएम जयराम ठाकुर द्वारा संज्ञान लेने पर उनका आभार जताया और पुलिस विभाग से त्वरित कार्रवाई की मांग उठाई।

Ekta