Election Result: हिमाचल की चारों सीटों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस को मिली करारी हार

Thursday, May 23, 2019 - 10:28 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में चारों लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया है। वहीं कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल में लोकसभा के चारों संसदीय क्षेत्रों में 18 जगह मतगणना हो रही है। लोकसभा चुनाव में हिमाचल की हमीरपुर संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के सिर जीत का ताज सजा है।

अनुराग ठाकुर ने भारी वोटों से हासिल की जीत

अनुराग ठाकुर ने भारी वोटों से जीत दर्ज कर कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को मात दी है। इन चुनावों में जीत के साथ जहां अनुराग ने लगातार चौथी बार जीत का चौका लगाया वहीं रामलाल ठाकुर चौथी बार लोकसभा चुनाव हारे हैं। हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को रिकॉर्ड तोड़ करीब 3,99,572 मतों से हरा दिया है। बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को कुल 6,82,692 वोट पड़े हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को कुल 2,83,120 वोट पड़े हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से नतीजे को लेकर औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा को 98 हजार मतों से हराया था। उन्होंने इस बार हमीरपुर संसदीय सीट से जीत का चौका लगाया है। 

कांगड़ा सीट से किशन कपूर ने मारी बाजी

हिमाचल में एक बार फिर लोकसभा की चारों सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। कांगड़ा संसदीय सीट से किशन कपूर ने 4,77,623 वोटों से जीत हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को हराया है। किशन कपूर ने 7,25,218 वोट हासिल किए जबकि पवन काजल ने 2,47,595 वोट हासिल किए। वहीं किशन कपूर की जीत के पीछे शांता कुमार का हाथ माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में शांता कुमार ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। वहीं उनके शिष्य किशन कपूर को इस बार मैदान में उतारा गया था। किशन कपूर की जीत के साथ ही कांगड़ा में जीत के जश्न का माहौल है।

मंडी सीट से रामस्वरूप शर्मा के सिर सजा ताज

हिमाचल की चारों लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने जीत हासिल की है। मंडी सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद व प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने 4,05,459 वोटों से जीत हासिल कर कांग्रेस के प्रत्याशी व सुखराम के पोते आश्रय शर्मा को हराया है। जिससे कांग्रेस को करारा झटका लगी है। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है। रामस्वरूप शर्मा ने कुल 6,47,189 वोट हासिल किए हैं जबकि आश्रय शर्मा को 2,41,730 वोट पड़े।

शिमला सीट से सुरेश कश्यप ने धनीराम शांडिल को हराया

हिमाचल में बीजेपी के चारों उम्मीदवारों ने जीत हासिल कर ली है। शिमला लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने 3,27,515 वोटों से कांग्रेस प्रत्याशी धनीराम शांडिल को हराया है। सुरेश कश्यप ने 6,06,183 वोट हासिल किए जबकि धनीराम शांडिल को 2,78,668 वोट ही पड़े। शिमला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ओक ओवर में लड्डू खिलाकर खुशी का इजहार किया। 

18 सैंटरों के 72 हॉल में मतगणना

प्रदेश में बनाए 18 मतगणना सैंटरों के 72 हॉल में सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती का काम शुरू हुआ था। प्राप्त जानकारी के मुताबिक चंबा (Chamba) जिला के लिए पांच काउंटिंग हॉल, कांगड़ा में 16, बिलासपुर में चार, सोलन पांच, सिरमौर पांच, शिमला  नौ, किन्नौर एक, लाहुल-स्पीति एक, कुल्लू चार, मंडी 11, हमीरपुर छह और जिला ऊना में पांच काउंटिंग हॉल स्थापित किए गए थे। मतगणना केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के लिए 3500 जवान तैनात थे।

भाजपा और कांग्रेस के ये प्रत्याशी थे मैदान में

शिमला मंडी संसदीय क्षेत्र की बात करें तो यहां मुकाबला भाजपा के सुरेश कश्यप और कांग्रेस के कर्नल धनी राम शांडिल के बीच था। कभी कांग्रेस की रही इस सीट पर पिछली 2 बार से भाजपा ने जीत दर्ज की। मंडी सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद व प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा और कांग्रेस के प्रत्याशी व सुखराम के पोते आश्रय शर्मा के बीच मुकाबला था। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है। हमीरपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी व लगातार तीन बार सांसद अनुराग ठाकुर और कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर के बीच मुकाबला था। इसी तरह कांगड़ा सीट पर भाजपा प्रत्याशी किशन कपूर व कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के बीच मुकाबला था। 

मंडी संसदीय क्षेत्र में थे सबसे अधिक प्रत्याशी

मंडी संसदीय क्षेत्र में सबसे अधिक 17 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे जबकि हमीरपुर और कांगड़ा संसदीय क्षेत्रों में 11-11 प्रत्याशी चुनाव मैदान में थे। सबसे कम 6 प्रत्याशी शिमला संसदीय क्षेत्र में है।

कांग्रेस का सूपड़ा साफ?

बता दें कि 2014 लोकसभा चुनाव में कांग्रेस को हिमाचल में चारों सीटों पर हार मिली थी। ऐसे में इस बार भी कांग्रेस अपना खाता नहीं खोल पाई। जिससे बीजेपी ने चारों सीटों पर अपना कब्जा जमाया।

 

Ekta