हिमाचल में पहाड़ी गाय के दूध की पहचान बनेगा ये नाम, जल्द होगी ब्रांडिंग

Sunday, Aug 11, 2019 - 04:56 PM (IST)

रामपुर बुशहर (विशेषर नेगी): हिमाचल प्रदेश में जल्द ही गौरी नाम से बाजार में पहाड़ी गाय का दूध सरकार लॉन्च करने जा रही है। इससे दुग्ध उत्पादको को भी दूध के उचित दाम मिलेंगे और गाय का महत्व भी बढ़ेगा। इस बात की जानकारी पशुपालन एवं पंचायती राज मंत्री वीरेंद्र कंवर ने किन्नौर जाते हुए रामपुर में एक बैठक के दौरान दी। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादकों की आर्थिक स्थिति सुधारने के साथ गाय पालन लाभकारी हो, इस दिशा में हिमाचल सरकार तेजी से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहाड़ी गाय के दूध को गौरी नाम से ब्रांडिंग किया जा रहा है तथा जल्दी ही एक बड़ा कार्यक्रम कर मुख्यमंत्री इसे लॉन्च करेंगे।

हिमाचल में लोगों को मिलेगा शुद्ध पहाड़ी गाय का दूध

उन्होंने बताया कि इससे लोगों को मिलावटी दूध से भी निजात मिलेगी। हिमाचल आने वाले लोगों को शुद्ध पहाड़ी गाय का दूध मिलेगा। उन्होंने बताया कि पहाड़ी गाय के संरक्षण और संवद्र्धन के लिए एक परियोजना केंद्र सरकार को भेजी गई है और गौरी नाम से हिमाचल में पहाड़ी गाय को पहचान दिलाई जाएगी। इसके लिए केंद्र सरकार ने सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है।

हिमाचल में जल्द स्थापित होगी सीमन लैब

उन्होंने बताया कि गाय बछड़ा पैदा न करे इसके लिए हिमाचल में सीमन लैब स्थापित की जा रही है। इसकी स्थापना के लिए केंद्र सरकार ने पहली किस्त भी जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के हर जिला में गौ अभ्यारण्य स्थापित किए जा रहे हैं। इसके लिए 12 करोड़ की राशि जारी कर दी है। पहले गौ अभ्यारण्य का मुख्यमंत्री इस माह के अंत तक लोकार्पण करेंगे।

Vijay