हिमाचल के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत बनेंगे Supreme Court के जज

Thursday, May 09, 2019 - 10:58 PM (IST)

शिमला: हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत जल्द ही सुप्रीम कोर्ट के जज होंगे। सुप्रीम कोर्ट के 5 सदस्यीय कॉलेजियम ने मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत को सुप्रीम कोर्ट में जज नियुक्त किए जाने बारे 8 मई को अपनी सिफारिश केंद्र सरकार को भेजी है। न्यायाधीश सूर्यकांत ने 5 अक्तूबर, 2018 को हिमाचल प्रदेश के मुख्य न्यायाधीश के तौर पर कार्यभार संभाला था। न्यायाधीश सूर्यकांत का जन्म 10 फरवरी, 1962 को हिसार जिला के मध्यम वर्गीय परिवार में हुआ। प्रारंभिक पढ़ाई उन्होंने गांव के ही स्कूल से की और वर्ष 1984 में महर्षि दयानंद यूनिवर्सिटी रोहतक से विधि की डिग्री हासिल की।

1984 में इन्होंने जिला न्यायालय हिसार में वकालत शुरू की और वर्ष 1985 से चंडीगढ़ में वकालत शुरू की। न्यायाधीश सूर्यकांत को संविधान, सेवा संबंधी व सिविल मामलों में महारत हासिल है। 7 जुलाई, 2000 को इन्हें हरियाणा सरकार की ओर से महाधिवक्ता नियुक्त किया गया और मार्च, 2001 में इन्हें वरिष्ठ अधिवक्ता बनाया गया। 9 जनवरी, 2004 को इन्हें पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट का न्यायाधीश नियुक्त किया गया था।

Vijay