पर्यटकों से गुलजार हुआ हिमाचल, हजारों की संख्या में पहुंचे सैलानी

Sunday, Jul 04, 2021 - 01:55 PM (IST)

शिमला: कोरोना की मार से बेजार हुआ हिमाचल एक बार फिर से पर्यटकों से गुजलार होने लगा है। प्रदेश में कोरोना के चलते पंजीकरण की शर्त थी, परंतु यह शर्त हटने के साथ ही प्रदेश में सैलानी उमड़ पड़े हैं। प्रदेश के कई पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की खासी संख्या नजर आ रही है। आलम यह है कि शिमला, धर्मशाला, डलहौजी, खज्जियार, चायल, कसौली, मंडी के सराज, बरोट और कुल्लू के जीभी में होटल पैक हो गए हैं। सैलानियों के पहुंचने से यहां ऑक्यूपेंसी सौ फीसदी पहुंच गई है। होटलों के अलावा होम स्टे और बेड एंड ब्रेक फास्ट इकाइयां भी पैक हैं। मैदानी क्षेत्रों में झुलसती गर्मी से राहत पाने के लिए सैलानी पहाड़ों का रुख कर रहे हैं। 

प्रदेश में अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होने से भी सैलानियों की आमद बढ़ी है। हालांकि, सैलानी सौ फीसदी क्षमता के साथ बसें चलाने की मांग उठा रहे हैं। राजधानी शिमला के अलावा कुफरी, नारकंडा, नालदेहरा और मशोबरा के होटल भी वीकेंड पर पैक रहे। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान और मालरोड पर शनिवार को सैलानियों की खूब रौनक रही। वीकेंड पर जिला कुल्लू में करीब 3000 से अधिक वाहन पहुंचे हैं। इसमें मनाली में ही 2200 छोटे वाहन व 35 वोल्वो पहुंची हैं। मनाली में ऑक्यूपेंसी 65 फीसदी रही। सैलानियों की आमद बढ़ने से पर्यटन कारोबारी खासे उत्साहित हैं। अगले वीकेंड के लिए भी सैलानियों ने एडवांस बुकिंग करनी शुरू कर दी है। शुक्रवार को सुबह 8 से शाम 8 बजे के बीच 4434 वाहनों ने शिमला शहर में प्रवेश किया। 

शनिवार को सुबह 11 से शाम 5 बजे तक 2997 वाहन शोघी बैरियर से शहर में दाखिल हो चुके थे। हिमाचल टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि भारी संख्या में सैलानी वीकेंड पर हिमाचल का रुख कर रहे हैं। अधिकांश पर्यटन स्थलों पर सौ फीसदी ऑक्यूपेंसी है। अगले वीकेंड के लिए भी एडवांस बुकिंग शुरू हो गई है। फेडरेशन ऑफ हिमाचल होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष अश्वनी बांबा और उपाध्यक्ष संजय सूद ने बताया कि वीकेंड पर 90 से 100 फीसदी ऑक्यूपेंसी पहुंच गई है। अंतरराज्यीय बस सेवा शुरू होने से भी सैलानियों की आमद में इजाफा हुआ है। दिल्ली से शिमला के लिए एचआरटीसी की वोल्वो बसें पैक चल रही हैं। 

हिमाचल पर्यटन विकास निगम ने शिमला-दिल्ली और मनाली दिल्ली रूट पर वोल्वो बस सेवा शुरू कर दी है। सीनियर मैनेजर दिलीप ठाकुर ने बताया कि सरकार की ओर से जारी एसओपी के तहत 50 फीसदी क्षमता के साथ वोल्वो चलाई जा रही हैं। शिमला-दिल्ली के मुकाबले मनाली-दिल्ली रूट पर अधिक सैलानी आवाजाही कर रहे हैं। शिमला और मनाली में सैलानियों के लिए साइट सीन टूअर भी शुरू कर दिए गए हैं। विश्व धरोहर घोषित कालका शिमला हेरिटेज रेलवे ट्रैक पर कालका और शिमला के बीच चल रही अधिकतर रेलगाड़ियां इन दिनों पैक चल रही हैं। कालका-शिमला स्पेशल छह जुलाई तक एडवांस बुक है। शिवालिक डीलक्स स्पेशल सोमवार तक के लिए, रेल मोटर कार और शिमला फेस्टिवल स्पेशल भी पैक चल रही है।

Content Writer

prashant sharma