मानसून सत्र : अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान सदन में जबरदस्त हंगामा, खूब चले शब्दबाण

Thursday, Aug 11, 2022 - 06:16 PM (IST)

जयराम सरकार ने खो दिया जनता का विश्वास : अग्निहोत्री
शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस की तरफ से नियम-278 के तहत लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान जबरदस्त हंगामा हुआ। खूब शब्दबाण चले। पक्ष-विपक्ष ने एक-दूसरे को खरी-खोटी सुनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने सदन के भीतर व बाहर कहा कि जयराम ठाकुर के नेतृत्व वाली सरकार ने जनता का विश्वास खो दिया है। मुख्यमंत्री को अपनी कुर्सी छोड़ इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस पेपर लीक मामले में 200 करोड़ रुपए का घोटाला हुआ है। पेपर 6 से 8 लाख रुपए में नीलाम हुआ, जिससे करीब 3 हजार लोगों ने खरीद। उन्होंने कहा कि सरकार ने भले ही इस मामले में 204 आरोपियों को हिरासत में लिया हो, लेकिन इसको बेचने वाले एवं इसके जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने सरकार से पूछा कि इस मामले की सी.बी.आई. जांच क्यों शुरू नहीं हो पाई? इससे पहले भी वर्ष 2019-20 में पुलिस भर्ती में सॉल्वर बाहर बैठे थे और अंदर पेपर लिखाया जा रहा था। उन्होंने लिपिक एवं विश्वविद्यालय सहित हर तरह की भर्ती प्रक्रिया में हेराफेरी का आरोप लगाया।

बढ़ती महंगाई पर सरकार को घेरा
नेता विपक्ष ने प्रदेश में कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में दुष्कर्म के 1574 मामले, 354 हत्याएं और छेड़छाड़ की 7406 घटनाएं हुई हैं। आज महिलाओं के शव बोरियों में मिल रहे हैं। अग्निहोत्री ने बढ़ती महंगाई पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एन.जी.टी. के निर्देशों के बावजूद खनन, चिट्टा व दूसरे माफिया दनदना रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आज टूरिस्ट डैस्टीनेशन ड्रग्स डैस्टीनेशन बन रहे हैं। उन्होंने पर्यटन निगम की संपत्तियां बेचने का आरोप भी लगाया।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Kuldeep