भाजपा, कांग्रेस व आप 68, माकपा 11 और बसपा 50 सीटों पर उतार रही प्रत्याशी

Sunday, Oct 23, 2022 - 11:48 PM (IST)

शिमला (कुलदीप): हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा, कांग्रेस व आप सभी 68 सीटों पर एक-दूसरे को चुनौती दे रही हैं। इसके विपरीत माकपा 11 सीटों पर प्रत्याशियों को उतार रही है, जबकि बहुजन समाज पार्टी ने अब तक 50 प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने का निर्णय लिया है। इसी तरह करीब 50 प्रत्याशी बतौर निर्दलीय प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतरे हैं। साथ ही राष्ट्रीय देवभूमि पार्टी व अन्य भी कुछ सीटों पर चुनौती देने को तैयार हैं। विधानसभा चुनाव के लिए 25 अक्तूबर को नामांकन पत्र दाखिल करने का अंतिम दिन है तथा इसके बाद प्रत्याशी 29 अक्तूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यानि 29 अक्तूबर को नाम वापसी के बाद ही चुनाव मैदान में डटे रहने वाले उम्मीदवारों की तस्वीर साफ हो सकेगी।

विधानसभा में यह है दलीय स्थिति
प्रदेश विधानसभा में इस समय भाजपा 43, कांग्रेस 22, सीपीआईएम 1 व निर्दलीय 2 विधायक हैं। हालांकि विधानसभा चुनाव के बाद सत्तारूढ़ भाजपा की सीटें 44 व कांग्रेस की 21 थीं लेकिन जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव में भाजपा को हार मिलने से सत्तारूढ़ भाजपा की 1 सीट कम और विपक्षी कांग्रेस की 1 सीट बढ़ गई थी। इसके बाद आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले 2 कांग्रेस विधायक व 2 निर्दलीय भाजपा में शामिल हो गए थे।

येचुरी, बृंदा व सुभाषिनी अली सहित 25 नेता माकपा के स्टार प्रचारक
माकपा ने विधानसभा चुनाव के लिए 25 स्टार प्रचारकों की सूची जारी कर दी है। इसमें सीताराम येचुरी, बृंदा करात, सुभाषिनी अली, अशोक धावाली, मरियम धावाली, सुरेंद्र सिंह, राजेंद्र नेगी, सुखविंद्र सिंह सिकोन, अमरा राम, मोहम्मद यूसुफ त्रिगामी, डाॅ. ओंकार शाद, डाॅ. विक्रम सिंह, राकेश सिंघा, संजय चौहान, प्रेम गौतम, विजेंद्र मेहरा, फालमा चौहान, संतोष कपूर, राजेंद्र ठाकुर, जगत राम, जोङ्क्षगद्र कुमार, मोहित वर्मा, सत्यवान पुंडीर, सुरेश सरवाल और पूर्ण ठाकुर शामिल हैं। माकपा इस बार 11 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जिसमें वर्तमान में विधायक राकेश सिंघा भी शामिल हैं। वह शिमला और ठियोग से 1-1 बार विधायक निर्वाचित हो चुके हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay