हिमाचल को 2030 तक एजुकेशन हब बनाने का लक्ष्य

Wednesday, Feb 27, 2019 - 11:38 AM (IST)

शिमला (प्रीति मुकुल): प्रदेश सरकार ने हिमाचल को वर्ष 2030 तक एजुकेशन हब बनाने की योजना बनाई है। इसके तहत प्रदेश में विश्वस्तरीय विश्वविद्यालय और शिक्षण संस्थान खोलने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। इन विश्वविद्यालयों और कॉलेजों में प्रोफैशनल तैयार किए जाएंगे। इसमें विज्ञान से लेकर, फाइन आर्ट्स, परफोर्मिंग आर्ट्स, योगा स्टडीज, जर्नलिज्म एंड मॉस कॉम्युनिकेशन, स्पोट्रस एंड फिजिकल एजुकेशन एंड मैनेजमैंट, हाई-एटीट्यूट ट्रेनिंग, साइंस सैंटर, कॉमर्स, फाइनांस, मैनेजमैंट स्टडीज जैसे प्रोफैशनल कोर्स करवाए जाएंगे। 

इसके साथ ही प्रदेश में सरकार नए इंस्टीच्यूट भी खोलेगी, जिनमें इंस्टीच्यूट ऑफ सॉफ्ट स्किल एंड परसलेटी डिवैल्पमैंट, इंस्टीच्यूट ऑफ डिजिटल लर्निंग, एम.लर्निंग और ई-लर्निंग, इंस्टीच्यूट ऑफ डिजिटल एजुकेशन सॉल्यूशन व इंस्टीच्यूट ऑफ ट्रेनिंग सैंटर शामिल होंगे। प्रदेश में फाइनांस, इन्वैस्टमैंट, मार्केटिंग, फाइनांस एकाऊंटिंग, इन्वैस्टमैंट बैंकिंग, डिजिटल मार्केटिंग व ब्यूटी केयर आदि विषयों को भी शुरू किया जाना प्रस्तावित है। प्रदेश में इन संस्थानों के शुरू होने से छात्रों को बाहरी राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा, उन्हें अपने राज्य में ही ये सुविधा मिलेगी।

प्रदेश में 22 विश्वविद्यालय 198 डिग्री कॉलेज

प्रदेश में वर्तमान समय में 22 विश्वविद्यालय व 198 डिग्री कॉलेज हैं। इसमें 5 सरकारी विश्वविद्यालय व 17 निजी विश्व विद्यालय शामिल हैं। इसके साथ ही प्रदेश में 138 डिग्री कॉलेज व 60 निजी डिग्री कॉलेज, 5 मैडीकल कॉलेज, 3 निजी मैडीकल कॉलेज, 5 डैंटल कालेज, 11 लॉ कॉलेज, 77 बी.एड. कॉलेज, 40 जे.बी.टी. संस्थान व 28 पॉलीटैक्रिकल संस्थान हैं।
 

Ekta