चिट्टा सप्लायर नाइजीरियन तस्कर को 5 साल की कैद, भरना पड़ेगा इतना जुर्माना

Friday, Jul 31, 2020 - 11:20 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिमला एवं हिमाचल के कई स्थानों पर चिट्टे की सप्लाई करने वाले नाइजीरियन तस्कर को कोर्ट ने 3 साल की कैद की सजा सुनाई है। यही नहीं, शिमला के एक कोर्ट ने इस विदेशी तस्कर को 1 लाख का जुर्माना भी लगाया है। इस तस्कर को पकडऩे में शिमला पुलिस ने 2018 में सफलता हासिल की थी। यह तस्कर शिमला जिला ही नहीं बल्कि हिमाचल में कई जगहों पर चिट्टे की सप्लाई करता था।

इस विदेशी तस्कर को पकडऩे के लिए शिमला पुलिस ने जाल बिछाया था, तभी बड़ी मुश्किल से यह पुलिस के हत्थे चढ़ पाया था। इस मामले की न्यायवादी सुधीर शर्मा ने पैरवी की, वहीं इस मामले में थाना प्रभारी ढली राजकुमार जांच अधिकारी रहे हैं। मामले की पूरी जांच करने के बाद पुलिस ने इस केस का चालान शिमला की अदालत में पेश किया।

बता दें कि शिमला पुलिस ने जुलाई 2018 में नाइजरियन मूल के ड्रग तस्कर 37 वर्षीय करा वासली को गिरफ्तार किया था। वह दिल्ली में रह रहा था। पुलिस को इसका सुराग तभी मिला था जब पुलिस ने शिमला में कुछ युवकों को चिट्टे के साथ पकड़ा था। तभी उन युवकों से इस विदेशी तस्कर का पता चल पाया था। युवकों ने पुलिस को बताया था कि वे चिट्टा दिल्ली से लाए थे।

इन युवकों से पूछताछ के बाद पुलिस ने रामपुर के एक युवक को पकड़ा। रामपुर का यह युवक दिल्ली में नाइजीरियन के साथ संपर्क में रह रहा था। पुलिस ने इन्हीं युवकों के तहत दिल्ली जाकर इस विदेशी तस्कर को 25 ग्राम चिट्टे के साथ दिल्ली में पकड़ा था। शिमला पुलिस ने इससे पहले भी कई बड़े तस्करों का पर्दाफाश किया है। पुलिस का यही लक्ष्य है कि जल्द ही जिला व प्रदेश को नशामुक्त बनाया जाएगा।

Vijay