चिट्टा और चरस की सप्लाई करने वाले 2 तस्कर चढ़े पुलिस के हत्थे

punjabkesari.in Thursday, Nov 07, 2019 - 09:56 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): बीसीए की छात्रा को चिट्टा और 3 युवकों को चरस की सप्लाई करने वाले तस्कर आखिर पुलिस के हत्थे चढ़ ही गए। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने चिट्टा तस्कर रजत सरकोट को नारकंडा और चरस तस्कर अशोक ठाकुर को कमलानगर से पकड़ा है। ये दोनों लोगों को मादक पदार्थ की खेप मुहैया करवाते थे। पुलिस की दोनों तस्करों से पूछताछ जारी है।

चिट्टा तस्कर को ससुराल में दबोचा

पहले मामले में पुलिस ने ढली क्षेत्र में बीते 4 नवम्बर को एक बीसीए की पढ़ाई कर रही छात्रा से 12 ग्राम चिट्टा बरामद किया था। उस दौरान छात्रा को चिट्टा की सप्लाई कर रजत सरकोट मौके से फरार हो गया था। छात्रा ने पूछताछ के दौरान ही पुलिस को बताया था कि उसे चिट्टा रजत सरकोट ने सप्लाई किया था। पुलिस ने उसी दिन से आरोपी को पकडऩे के लिए जाल बिछाया था लेकिन यह पुलिस की गिरफ्त से बाहर चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को पकडऩे के लिए टीम गठित की थी और आरोपी को पकडऩे के लिए नारकंडा में दबिश दी। आरोपी नारकंडा में अपने ससुराल में रह रहा था। विशेष जांच दल ने बीती रात उसे गिरफ्तार किया है।

चरस सप्लायर को घर से किया गिरफ्तार

दूसरे मामले में पुलिस ने चरस सप्लायर अशोक ठाकुर को कमलानगर में उसके आवास से गिरफ्तार किया गया है। उसने कार सवार 3 युवकों को चरस की खेप उपलब्ध करवाई थी। इन युवकों को नाकेबंदी के दौरान पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

तस्करों ने पुलिस के सामने नहीं खाले मुंह

पुलिस को इनके पीछे बड़े तस्करों के होने की भी आशंका है। पुलिस के समक्ष फिलहाल तस्कर अपना मुंह नहीं खोल रहे हैं। ये दोनों तस्कर नशीले पदार्थों को किन-किन जगहों पर सप्लाई करते थे फिलहाल इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस की पूछताछ में तस्कर मादक पदार्थों की सप्लाई के कई राज खोल सकते हैं। बीते दिनों पुलिस ने जिन 3 युवकों को और एक छात्रा को मादक पदार्थों संग पकड़ा है, उनसे भी पुलिस की पूछताछ जारी है।

पहले भी 2 मामलों में पकड़ा गया था चिट्टा सप्लायर

चिट्टा सप्लायर रजत सरकोट पहलेे भी 2 मामलों में पकड़ा गया था। उक्त सप्लायर पहले वर्ष 2017 में चरस की सप्लाई करने के मामले में लुहरी और वर्ष 2018 में नारकंडा में पकड़ा गया था। तीसरी बार यह फिर पुलिस के हत्थे चढ़ा है। पुलिस को शक है कि इसके पीछे कोई न कोई बड़ा तस्कर है। अब पुलिस इससे पूछताछ में बड़े तस्कर का पता लगा रही है।

कोर्ट में पेश किए जाएंगे दोनों आरोपी

एएसपी शिमला प्रवीर ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने नशीले पदार्थों की सप्लाई करने के आरोप में 2 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दोनों से पुलिस की पूछताछ जारी है। ये किन-किन जगहों पर नशीले पदार्थों की सप्लाई करते थे फिलहाल मामले की जांच जारी है। नशीले पदार्थों की सप्लाई करने वालों को बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दोनों को जल्द ही कोर्ट में पेश किया जाएगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Vijay

Recommended News

Related News