प्राउड ऑफ नेशन NGO बनी खनेयोग गांव के 3 अनाथ बच्चों की मददगार, जानिए कैसे

Tuesday, Jan 22, 2019 - 03:55 PM (IST)

मंडी(नीरज) : प्राउड ऑफ नेशन संस्था ने मंडी जिला की पांगणा उपतहसील के खनेयोग गांव के तीन अनाथ बच्चों को हर महीने तीन हजार की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है। मदद की पहली किस्त संस्था के सदसयों ने अनाथ बच्चों के ताया लोकपास को सौंप दी है और भविष्य में यह मदद हर महीने लोकपाल के खाते में ही जमा की जाएगी। संस्था के अध्यक्ष विकी बाबा ने बताया कि यह मदद तब तक दी जाएगी जब तक बच्चों की शिक्षा जारी रहेगी। वहीं संस्था के अध्यक्ष विकी बाबा और प्रदेश स्टूडेंट अध्यक्ष नीरजा इन बच्चों को लेकर डीसी मंडी ऋग्वेद ठाकुर के पास भी पहुंचे और बच्चों को संस्था द्वारा दी जाने वाली मदद के बारे में जानकारी दी। डीसी मंडी ने संस्था के सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई दी और बच्चों को प्रशासन की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।

संस्था के अध्यक्ष विकी बाबा ने बताया कि बच्चों को जो मदद दी जाएगी उसका दुरूपयोग न हो इसके लिए प्रशासन से निगरानी रखने का आहवान किया गया है। वहीं संस्था ने इन बच्चों को कपड़े, जूते और पढ़ाई सहित अन्य जरूरत का सामान देने का निर्णय भी लिया है। यह सामान भी एक सप्ताह के भीतर इन बच्चों को मुहैया करवा दिया जाएगा। विकी बाबा ने बताया कि जो बच्चे अनाथ या फिर गरीब हैं उनकी मदद के लिए संस्था हमेशा तैयार रहती है। उन्होंने बताया कि यदि कोई और जरूरतमंद भी है तो वह भी संस्था से संपर्क साध सकता है, उसे भी हर संभव मदद मुहैया करवाई जाएगी।

बता दें कि खनेयोग गांव की 12 वर्षीय निर्मला, 9 वर्षीय अर्चना और 5 वर्षीय नरेंद्र इस छोटी सी उम्र में अनाथ हो गए हैं। सितंबर 2012 में माता लता देवी की प्रसव के दौरान मृत्यु हो गई और मार्च 2018 में पिता जीत सिंह भी बीमारी के कारण चल बसे। अब ऐसे में इन मासूमों के पालन पोषण का जिम्मा इनके गरीब ताया लोकपाल ने संभाल रखा है। लोकपाल बीपीएल परिवारों की सूची में आता है। सरकार द्वारा ऐसे बच्चों को बाल-बालिका सुरक्षा योजना के तहत हर महीने आर्थिक मदद दी जाती है लेकिन कागज पूरे न होने के कारण अभी इन बच्चों को इस योजना का लाभ नहीं मिल पा रहा है। सरकारी मदद से पहले ही कई संस्थाएं इन बच्चों की मदद के लिए आगे आ गई हैं।

kirti