राजधानी में भारी बर्फबारी ने बढ़ाई नगर निगम की मुश्किलें

Thursday, Jan 09, 2020 - 10:49 AM (IST)

शिमला(ब्यूरो): राजधानी शिमला में भारी बर्फबारी से जहां जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त रहा, वहीं दिनभर हो रही बर्फबारी ने नगर निगम प्रशासन की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। निगम की तमाम कोशिशों के बावजूद भी शहर की सड़कों से बर्फ को नहीं हटाया गया है, ऐसा इसलिए क्योंकि शिमला में सुबह से भारी बर्फबारी का दौर चलता रहा। शाम तक बर्फबारी के सिलसिला चलने से सड़कों से बर्फ  हटाने में प्रशासन को कड़ी मेहनत करनी पड़ी है। हालांकि प्रशासन सुबह से ही बर्फ  हटाने को लेकर मुस्तैद दिखा। 

एम.सी. की टीम ने सुबह से अस्पताल के रोड से बर्फ  हटाना शुरू की, लेकिन बार-बार बर्फ  पड़ने से सड़कों को बहाल करने में प्रशासन को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी है। आई.जी.एम.सी. रोड को बहाल करने के लिए स्वयं निगम आयुक्त पंकज राय सुबह से ही फील्ड में रहे, लेकिन दिनभर बर्फबारी के आगे प्रशासन के सभी कोशिशें फेल दिखीं। हालांकि एम.सी. प्राथमिकता के आधार पर हॉस्पिटल रोड को साफ  करने में लगा रहा। के.एन.एच. अस्पताल की सड़क से भी बर्फ  को हटाया गया था, लेकिन भारी बर्फबारी होने से प्रशासन को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। हालांकि बर्फबारी के रुकते ही सड़कों से बर्फ  हटाने का काम जारी रहा। भारी बर्फबारी के कारण पेड़ गिर गया, जिससे वाहनों की आवाजाही कुछ समय अवरुद्ध हो गई। हालांकि बाद में प्रशासन द्वारा इसे हटा दिया गया।

170 लेबर, 8 जे.सी.बी. और 2 रोबोट से हटाई बर्फ 

बर्फबारी हटाने को नगर निगम ने 170 अतिरिक्त लेबर हायर की थी, साथ ही 8 जे.सी.बी. मशीनों और 2 रोबोट से बर्फ  हटाने का काम चलता रहा। अस्पताल की सड़कों से बर्फ  हटने के बाद रेत बिछाया गया था कई जगह पर बर्फ  को पिघलाने के लिए नमक भी डाला गया था। इसके अलावा निगम के जे.ई. सभी फील्ड में रहे और बर्फ  से बंद पड़े रोड को बहाल करने में लगे रहे। बर्फबारी अधिक होने से प्रशासन को खासी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।

वार्डों में एम्बुलैंस रोड रहे बंद, रास्तों से नहीं हटी बर्फ

 वहीं शहर के अधिकतर वार्डों में भारी बर्फबारी होने से एम्बुलैंस रोड बंद रहे, इससे भी लोगों को परेशानी हुई। संपर्क रास्तों और पैदल मार्गों से बर्फबारी नहीं हटाने से लोगों को आने-जाने में खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है।

बर्फबारी से फटी पेयजल लाइन, सप्लाई रही बाधित

शिमला में बुधवार को हुई भारी बर्फबारी से शहर में कई जगह पर पेयजल लाइन टूटने से कई जगह पर पानी की सप्लाई बाधित रही है। ठंड अधिक होने के कारण पानी की पाइपें जाम होने से भी लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी है। बुधवार को शैल-डे के पास पानी की पाइप फटने से सप्लाई बाधित रही। हालांकि बर्फबारी के बीच ही शिमला जल प्रबंधन कंपनी के कर्मचारियों ने लाइन की मुरम्मत कर सप्लाई को बहाल किया। बुधवार को सभी पेयजल योजनाओं से शहर को 48 एम.एल.डी. पानी मिला है। गुम्मा से 22 और गिरि से 15.57 एम.एल.डी. पानी मिला है। कंपनी का दावा है कि शहर में पानी की पर्याप्त सप्लाई दी गई है।

Edited By

Simpy Khanna