हिमाचल में आफत की बर्फबारी, 397 सड़कों पर फिर थमी रफ्तार

Tuesday, Feb 19, 2019 - 11:11 PM (IST)

शिमला: हिमाचल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात के बाद 397 सड़कें फिर से अवरुद्ध हो गई हैं। शिमला-रामपुर, ठियोग-हाटकोटी, सैंज-लूहरी और रिकांगपिओ-काजा एन.एच. समेत शिमला जोन में 165 सड़कें, मंडी जोन में 189, कांगड़ा जोन में 39 सड़कें तथा 4 एन.एच. बर्फबारी से बाधित हुए हैं। दावा किया जा रहा है कि शिमला-रामपुर एन.एच. बुधवार शाम तक बहाल कर दिया जाएगा। इसी तरह बुधवार शाम तक 176 सड़कें तथा शेष सड़कें वीरवार या इसके बाद बहाल की जाएंगी। प्रदेशभर में सड़कें बंद होने से लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस वजह से मंगलवार को 220 से ज्यादा रूटों पर बस सेवाएं बाधित हुई हैं।

बर्फबारी से पी.डब्ल्यू.डी. को 177.89 करोड़ रुपए का नुक्सान

बर्फबारी के कारण पी.डब्ल्यू.डी. को 177.89 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। कांगड़ा जोन में सबसे ज्यादा 110.75 करोड़ का नुक्सान बताया जा रहा है। शिमला जोन में 24.50 करोड़, मंडी जोन में 29.70 करोड़, हमीरपुर जोन में 23.20 लाख तथा एन.एच. को 12.70 करोड़ का अब तक नुक्सान हो गया है।

Vijay