हिमाचल में 4 दिन भारी बारिश की चेतावनी, 10 जिलों में अलर्ट जारी

Saturday, Jul 24, 2021 - 11:50 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में मौसम विभाग ने अगले 4 दिन भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है, जिसके मद्देनजर 10 जिलों में अलर्ट जारी किया गया है। शिमला स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि रविवार से हिमाचल प्रदेश में बारिश की गति बढ़ेगी और चार दिन मैदानी व मध्यपर्वतीय क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। उन्होंने कहा कि 25 से 28 जुलाई तक राज्य में बारिश का दौर चलेगा। 25 जुलाई को यैलो जबकि 26, 27 व 28 जुलाई को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। यह अलर्ट लाहौल-स्पीति एवं किन्नौर को छोड़कर अन्य सभी जिलों में रहेगा। प्रदेश में 30 जुलाई तक मौसम के खराब रहने की संभावना है। 

लोगों व पर्यटकों को दी सावधान रहने की सलाह

सुरेंद्र पाल ने कहा कि व्यापक बारिश की आशंका के चलते नदी-नालों का जलस्तर बढ़ सकता है। भू-स्खलन की घटनाएं हो सकती हैं, ऐसे में लोगों व पर्यटकों को सावधान रहने की आवश्यकता है। इस बीच बीते 24 घंटों के दौरान बैजनाथ में 22, पंडोह में 17, जुब्बड़हट्टी में 14, पालमपुर में 13, तिंदर व सराहन में 9-9 मिलीमीटर बारिश हुई है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान ऊना में 33 डिग्री और सबसे कम लाहौल-स्पीति के केलांग में 12.7 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में 71 सड़कें अभी भी बंद

बरसात का सबसे बुरा असर परिवहन सेवाओं पर पड़ रहा है। जगह-जगह भू-स्खलन के कारण कई सड़कें 5-6 दिन से बाधित हैं। राज्यभर में शनिवार को 71 सड़कों पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। पीडब्ल्यूडी का दावा है कि 122 जेसीबी, डोजर और टिप्पर सड़कों को बहाल करने में लगे हुए हैं। शेष सड़कों को सोमवार तक खोल दिया जाएगा। पीडब्ल्यूडी को अब तक बरसात के कारण 271.91 करोड़ रुपए का नुक्सान हो चुका है। शिमला जोन में 47.55 करोड़ रुपए, मंडी जोन में 43 करोड़ रुपए, हमीरपुर जोन में 66.79 करोड़ रुपए, कांगड़ा जोन में 100.16 करोड़ रुपए तथा शिमला व शाहपुर एनएच जोन में 14.39 करोड़ रुपए की क्षति हो चुकी है।

Content Writer

Vijay