Kangra: पालमपुर में मूसलाधार बारिश से बिगड़े हालात, 22 पेयजल योजनाएं ठप्प, भूस्खलन से कई सड़काें काे नुक्सान
punjabkesari.in Wednesday, Jul 30, 2025 - 02:47 PM (IST)

पालमपुर (भृगु): पालमपुर और इसके आसपास के क्षेत्रों में हुई मूसलाधार बारिश ने केवल आम लोगों की दिनचर्या को अस्त-व्यस्त कर दिया, बल्कि जल शक्ति विभाग और लोक निर्माण विभाग काे भी अच्छा खास नुक्सान पहुंचाया है। जल शक्ति विभाग मंडल पालमपुर के अंतर्गत 22 बड़ी पेयजल योजनाएं काे भारी बारिश के चलते नुक्सान हुआ है। बारिश के कारण खड्डों में जलस्तर अत्यधिक बढ़ गया है, जिससे कुछ जल स्रोत बह गए हैं और कई योजनाओं में गाद भर गई है। इस वजह से पूरी पेयजल आपूर्ति प्रणाली ठप्प पड़ गई है। जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अनिल वर्मा ने जानकारी दी कि सभी स्कीमें फिलहाल बंद हैं और स्थिति का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, मुरम्मत का काम तेजी से शुरू कर योजनाओं को बहाल किया जाएगा।
इधर, सड़क नैटवर्क भी बारिश की मार से अछूता नहीं रहा। कई मुख्य और संपर्क मार्ग भूस्खलन और पेड़ों के गिरने के कारण बंद हो गए हैं। परौर, लाहला, चचियां कंडी और बंदला की सड़कों पर कई स्थानों पर भारी भूस्खलन हुआ है, जिससे डंगे (रिटेनिंग वॉल) क्षतिग्रस्त हो गए हैं। इसके अतिरिक्त योल-डाढ़-नगरी मार्ग पर न्यूगल पुल के समीप देर रात भूस्खलन और वृक्ष गिरने की वजह से रास्ता बंद हो गया। लोहना कुलानी और गोरट सड़क मार्ग भी कई घंटों तक आवाजाही के लिए बंद रहे। हालांकि, राहत की बात यह है कि लोक निर्माण विभाग द्वारा किए गए त्वरित प्रयासों के चलते कुछ मार्गों को छोटे वाहनों के लिए आंशिक रूप से खोला गया है। पठानकोट-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग पर पालमपुर के पास सब्जी मंडी के समीप भी भूस्खलन और पेड़ गिरने की घटना सामने आई, जिसमें एक कार क्षतिग्रस्त हो गई। साथ ही इस व्यस्त मार्ग पर भी कुछ देर के लिए यातायात ठप्प हो गया। दरोगणू क्षेत्र से भी भूस्खलन की खबरें मिली हैं।
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता विनीत शर्मा ने बताया कि बारिश से सड़कों को भारी नुक्सान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि विभाग ने अधिकांश मार्गों को आंशिक रूप से बहाल कर दिया है, लेकिन कई स्थानों पर अभी भी मुरम्मत कार्य जारी है। विभाग को एक ही बारिश में करोड़ों रुपए का नुक्सान होने की आशंका है।