हिमाचल में यैलो अलर्ट के बीच जमकर बरसे मेघ, 8 जिलों में फिर बाढ़ की चेतावनी

Sunday, Sep 25, 2022 - 10:32 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में यैलो अलर्ट के बीच प्रदेश भर में जमकर बारिश का दौर जारी है।  प्रदेश की ऊंची चोटियों पर हो रही बर्फ बारी और मैदानी क्षेत्रों में बारिश से प्रदेश में ठंड बढ़ गई है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के 8 जिलों में बाढ़ के खतरे की चेतावनी जारी की है। यह चेतावनी चम्बा, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति, कुल्लू, मंडी, शिमला, सिरमौर व हमीरपुर जिलों के लिए जारी की गई है। कारगिल और जांस्कर के बीच स्थित पेन्जिला टॉप में ताजा बर्फबारी से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऊना में 79, नाहन में 76, नयनादेवी में 64, चौपाल में 61, कसौली में 50, देहरा गोपीपुर में 4, कंडाघाट में 44, शिमला में 37, सोलन और मनाली में 36-36 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। भारी बारिश के कारण सिरमौर में दो अलग-अलग जगहों पर भूस्खलन की घटनाएं भी घटी हैं। हालांकि इससे जानमाल के नुक्सान की कोई सूचना नहीं है। रविवार को प्रदेश के 5 जिलों में भारी बारिश के अलर्ट के बीच चम्बा के भरमौर में फ्लैश फ्लड की घटना सामने आई है। भरमौर के बकानी में 6 से 7 लोग फ्लैश फ्लड की चपेट में आ गए हैं।

राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से प्राप्त जानकारी अनुसार बकानी गांव में जहां 6-7 लोग बाढ़ में बह गए हैं, वहीं एक गऊशाला और 6 घराट भी क्षतिग्रस्त हुए हैं। प्रदेश के 5 जिलों में आज भी भारी बारिश की संभावना को देखते फ्लैश फ्लड का अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहना है। प्रदेश में 28 सितम्बर तक बारिश का दौर जारी रहने वाला है। बारिश के कारण हिमाचल में 384 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं 2100 करोड़ के नुक्सान का आकलन है।

मौसम विभाग ने 29 सितम्बर तक प्रदेश में इसी तरह मौसम के खराब बने रहने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस बीच प्रदेश में कहीं-कहीं पर बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग की भविष्यवाणी से साफ  है कि यह पूरा महीना बारिश के साथ गुजरने वाला है। इससे तापमान में और ज्यादा गिरावट दर्ज की जा सकती है। अभी भी प्रदेश का न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 2 डिग्री सैल्सियस कम चल रहा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay