हिमाचल में बर्फबारी से ठंड हुई प्रचंड, शिमला सहित 5 शहरों का माइनस में तापमान

Tuesday, Dec 29, 2020 - 09:44 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): शिमला में हुई सीजन की पहली बर्फबारी से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। हिमाचल प्रदेश के पर्वतीय इलाकों में हुई बर्फबारी से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। समूचे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शिमला और डल्हौजी सहित 5 शहरों का पारा माइनस में पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी 3 जनवरी तक राज्यभर में मौसम के साफ रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में बारिश व बर्फबारी हुई है। उन्होंने कहा कि विक्षोभ के मंद पडऩे से अब आगामी 3 जनवरी तक पूरे प्रदेश में मौसम के शुष्क रहने का अनुमान है। इस बार नववर्ष का आगमन बर्फबारी से नहीं होगा। मैदानों से लेकर पहाड़ी क्षेत्रों में नववर्ष की पूर्व संध्या व नववर्ष के पहले दिन मौसम साफ  बना रहेगा। उन्होंने अगले 24 घंटों के दौरान मैदानी क्षेत्रों में धुंध छाने व शीतलहर चलने का यैलो अलर्ट जारी किया है।

ताजा हिमपात से राज्य में न्यूनतम तापमान 2 से 3 डिग्री और अधिकतम तापमान 1 से 2 डिग्री नीचे लुढ़क गया है। सोमवार की रात पारा -1.1 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। लाहौल-स्पीति जिला का मुख्यालय केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थल रहा, जहां न्यूनतम तापमान -6.7 डिग्री सैल्सियस रहा। पर्यटन स्थल चम्बा में न्यूनतम तापमान -3.4 डिग्री, कल्पा में -3.1 डिग्री और कुफरी में -2.4 डिग्री सैल्सियस दर्ज हुआ है। अन्य शहरों की बात करें तो मनाली में न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री, सोलन में 0.7 डिग्री, धर्मशाला में 1.4 डिग्री, पालमपुर में 1.5 डिग्री, हमीरपुर व ऊना में 2.8 डिग्री, मंडी में 3.2 डिग्री, भुंतर में 3.9 डिग्री, सुंदरनगर में 4.1 डिग्री, कांगड़ा में 5.2 डिग्री और नाहन में 7.9 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया।

Vijay