हिमाचल में गर्मी ने तोड़े रिकॉर्ड, ऊना में 43.6 तो कांगड़ा में 40 डिग्री पहुंचा तापमान

Sunday, May 15, 2022 - 12:24 AM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल में लगातार गर्मी के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। शनिवार को प्रदेश में सीजन का सबसे ज्यादा गर्म दिन मौसम विभाग ने दर्ज किया है। ऊना जिला में अधिकतम तापमान 43.6 डिग्री सैल्सियस तक पहुंच गया है, वहीं कांगड़ा जिला में पहली बार अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ज्यादा रहा। हमीरपुर जिला में अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री दर्ज किया गया। चम्बा जिला में अधिकतम तापमान बिलासपुर से भी ज्यादा दर्ज किया गया। बिलासपुर में अधिकतम तापमान जहां 37 डिग्री दर्ज किया गया, वहीं चम्बा जिला में अधिकतम तापमान 38 डिग्री दर्ज किया गया। राजधानी शिमला में शनिवार को गर्मी ने खूब पसीने छुड़ाए। शिमला में इस वर्ष पहली बार 29 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। इसके अलावा सुंदरनगर में 37.7, भुंतर 37.2, कल्पा 25.2, धर्मशाला 35.8, नाहन 38, केलांग 23.5, पालमपुर 33.6, सोलन 37, मनाली 24.6, मंडी 33.6, डल्हौजी 27.6, कुफरी 18 और जुब्बहट्टी में 33.3 डिग्री दर्ज किया गया।

प्रदेश में 16 मई से तेज बारिश व ओलावृष्टि के आसार 

मौसम विज्ञान शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि 15 मई से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, वहीं 16 मई से प्रदेश में तेज बारिश व ओलावृष्टि के आसार हैं। इसे लेकर मौसम विभाग शिमला की ओर से यैलो अलर्ट जारी कर दिया गया है। बारिश व ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी चलने की संभावनाएं भी हैं।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay