फरवरी में ही तपने लगे हिमाचल के पहाड़, गर्मी ने तोड़ा 17 वर्षों का रिकॉर्ड

Sunday, Feb 19, 2023 - 09:16 PM (IST)

शिमला (राजेश): हिमाचल के पहाड़ इस बार फरवरी माह में ही तपने शुरू हो गए हैं। इसके चलते पड़ रही गर्मी से लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। फरवरी माह में पड़ रही गर्मी ने पिछले 17 वर्षों का रिकाॅर्ड तोड़ दिया है। स्थिति यह है कि राजधानी शिमला सहित प्रदेश के लगभग सभी जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर ही चल रहा है। इसके कारण प्रदेश में दिन के समय मौसम काफी ज्यादा गर्म रहने लगा है। राजधानी शिमला में 18 फरवरी को अधिकतम तापमान 23.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है। वर्ष 2006 के बाद यह फरवरी महीने में सबसे अधिक तापमान है, यानि 17 वर्षों के बाद फरवरी महीने में शिमला में इतनी ज्यादा गर्मी पड़ रही है। 2006 में अधिकतम तापमान 22.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। हालांकि रविवार को शिमला के तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की गई। इस दौरान यहां का अधिकतम तापमान 21.6 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया है, वहीं 18 फरवरी को कुल्लू जिले के भुंतर में भी अधिकतम तापमान के सभी रिकॉर्ड टूट गए हैं। भुंतर में शनिवार में अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री सैल्सियस रहा जबकि फरवरी, 2018 में यह 28.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया था। सोलन में 16 फरवरी में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 29.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ था। तापमान में बढ़ौतरी से हिमाचल के मौसम से ठंडक घट गई है। 

मैदानी इलाकों में दोपहर को अधिक गर्मी
दोपहर के समय प्रदेश के मैदानी जिलों में पसीना छूटना शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल प्रदेश में सर्दियों के मौसम में इस बार पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता कम रही है। मौसम में आए इस बदलाव के कारण तापमान में बढ़ौतरी दर्ज हुई है। फरवरी में प्रदेश में अभी तक सामान्य से 59 फीसदी कम बारिश हुई है। इस अवधि में 56 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया है। इस वर्ष एक से 18 फरवरी तक 23 मिलीमीटर बारिश ही हुई है। 

तापमान पर एक नजर
रविवार को शिमला में अधिकतम तापमान 21.6, सुंदरनगर 25.7, भुंतर 24.5, कल्पा 16.2, धर्मशाला 25.0, ऊना 29.3, नाहन 25.1, केलांग 5.8, सोलन 26.0, मनाली 18.0, कांगड़ा 25.4, मंडी 26.1, बिलासपुर 28.5, हमीरपुर 25.3, चंबा 25.8, डल्हौजी 16.1, जुब्बड़हट्टी 23.0, कुफ री 15.4, कुकुमसेरी 9.3, नारकंडा 15.7, कसौली 20.2, रिकांगपिओ 20.1 और सेऊबाग में 21.2 डिग्री सैल्सियस दर्ज किया गया। 

इन जिलों में बारिश व बर्फबारी की संभावना
फरवरी माह में बढ़ती गर्मी में हल्का विराम लग सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 20 फरवरी से किन्नौर, लाहौल-स्पीति, शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चम्बा के कई क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जताया है। इन क्षेत्रों में 21 फरवरी तक मौसम खराब बना रहने के आसार हैं। कुछ क्षेत्रों में अंधड़ और बिजली गरजने का यैलो अलर्ट जारी हुआ है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 21 फरवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay