चरमरा सकती है स्वास्थ्य सुविधा, विंटर वेकेशन पर जाएंगे IGMC के आधे चिकित्सक

Thursday, Dec 19, 2019 - 11:41 AM (IST)

शिमला (ब्यूरो): आई.जी.एम. में आधा स्टाफ 1 जनवरी से विंटर वैकेशन पर जाएगा।आई.जी.एम.सी. के चिकित्सक 2 चरणों में छुट्टी पर जा रहे हैं। पहले चरण के डाक्टर 1 फरवरी को वापस ड्यूटी पर लौटेंगे। जैसे ही पहले चरण के डाक्टर वापस ड्यूटी पर आएंगे तो तुरंत दूसरे चरण के डाक्टर छुट्टी पर जाएंगे। 2 चरणों में डाक्टर इसलिए छुट्टी पर इसलिए जा रहे हैं ताकि अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू रूप से चलती रहें। प्रशासन ने डाक्टरों के 2 चरणों में छुट्टी का शैड्यूल तो बनाया है, लेकिन यहां पर स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा सकती हैं। इसका मुख्य कारण यह है कि प्रदेश में पहले ही डाक्टरों की कमी चल रही है। यहां तक आई.जी.एम.सी. से डाक्टरों को डैपुटेशन पर इधर से उधर भेजा जा रहा है, ऐसे में अगर आई.जी.एम.सी. से आधा स्टाफ छुट्टी पर चला जाता है तो यहां पर स्टाफ की कमी मरीजों पर भारी पड़ सकती है।

प्रशासन शैड्यूल के मुताबिक चिकित्सकों की छुट्टियां मार्च तक चलेगी। अस्पताल में सबसे ज्यादा दिक्कत तो उन मरीजों को झेलनी पड़ सकती है जिनका इलाज काफी दिनों से छुट्टी पर जा रहे चिकित्सक के पास चल रहा है। चिकित्सक हर साल ही विंटर वैकेशन पर जाते हैं। अगर प्रशासन ने इस बार डाक्टरों के छुट्टी पर जाने से पुख्ता इंतजाम नहीं किए तो अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाएं चरमरानी तय हैं। पहले चरण में कौन-कौन डाक्टर छुट्टी पर जाएंगे। फिलहाल इसको लेकर अभी शैड्यूल जारी नहीं किया है। प्रशासन एक या दो दिन के अंदर डाक्टरों के छुट्टी का शैड्यूल जारी कर देगा।

Edited By

Simpy Khanna