हिमाचल में बारिश से तबाही : 186 सड़कें बंद, ऊना में कई घरों में घुसा पानी

Friday, Aug 02, 2019 - 11:18 PM (IST)

शिमला: हिमाचल में भारी बारिश का कहर जारी है। ऊना में वीरवार रात आफत की बारिश से जिलाधीश कार्यालय सहित 100 से अधिक  घरों में पानी भर गया। रात के वक्त हुई मूसलाधार बारिश से लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जिला में फसलों को भी भारी नुक्सान हुआ है। ऊना के अलावा प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में भी बीते 24 घंटे की बारिश से 11 कच्चे मकान, 4 पक्के मकान तथा 14 गऊशालाएं क्षतिग्रस्त हुई हैं। कालका-शिमला रेल मार्ग पर भू-स्खलन ने एक बार फिर से ट्रेन की रफ्तार को करीब अढ़ाई घंटे तक रोका है। परवाणु-शिमला एन.एच. पर भी भू-स्खलन के कारण दिनभर रुक-रुक कर ट्रैफिक चलता रहा। प्रदेशभर में बारिश के कारण 186 सड़कें बंद पड़ी हैं। इनमें से कुछ सड़कें एक सप्ताह से भी अधिक समय से बंद पड़ी हैं। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

मंडी जोन में सबसे ज्यादा 102 सड़कें बंद

मंडी, कुल्लू व शिमला जिला में सड़कें बंद होने से सेब की ढुलाई पर भी बुरा असर पड़ा है। मंडी जोन में सबसे ज्यादा 102 सड़कें बंद पड़ी हैं। शिमला जोन में 47 सड़कें, हमीरपुर जोन में 22 सड़कें तथा कांगड़ा जोन में 15 सड़कें अवरुद्ध पड़ी हैं। सड़कों के अवरुद्ध होने से खासकर ग्रामीण रूटों पर बस सेवाएं एक सप्ताह से भी अधिक समय से बहाल नहीं हो पाई हैं। प्रदेश में 140 से ज्यादा बस रूट ठप्प पड़े हुए हैं। पी.डब्ल्यू.डी. का दावा है कि शनिवार शाम तक 173 सड़कें बहाल कर दी जाएंगी। प्रदेशभर में सड़़कों की हालत पहले से ही दयनीय थी लेकिन मानसून की बारिश के बाद सड़कों पर पहले से बने गड्ढे बड़ा आकार ले रहे हैं।

अब तक 39 फीसदी कम हुई बारिश, 269 करोड़ की निजी व सार्वजनिक संपत्ति तबाह

हिमाचल में इस बार मानसून सीजन के दौरान अब तक 39 फीसदी कम बारिश हुई है। बावजूद इसके 269 करोड़ रुपए की निजी व सार्वजनिक संपत्ति तबाह हो गई है। अकेले लोक निर्माण विभाग को 158 करोड़ रुपए का नुक्सान हो गया है। सिंचाई एवं जन स्वास्थ्य विभाग की भी 104 करोड़ रुपए की संपत्ति बारिश के कारण तबाह हो गई है। प्रदेशभर में आई.पी.एच. की 502 पेयजल व सिंचाई योजनाएं प्रभावित हैं।

इन जिलों में हुआ इतना नुक्सान

राज्य आपदा प्रबंधन के मुताबिक बिलासपुर जिला में 4 गऊशालाएं, मंडी में 3 कच्चे मकान व 5 गऊशालाएं, हमीरपुर में 3 कच्चे मकान, एक दुकान व एक गऊशाला, कांगड़ा में 6 कच्चे मकान व एक पक्का मकान, शिमला में एक गऊशाला, सिरमौर में एक गऊशाला, सोलन में एक गऊशाला तथा ऊना जिला में एक पक्का मकान व एक गऊशाला क्षतिग्रस्त हुई है।

Vijay