Breaking : सिरमौर के हाटी समुदाय को मिला जनजातीय दर्जा

Wednesday, Sep 14, 2022 - 09:35 PM (IST)

शिमला (ब्यूरो): प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हिमाचल प्रदेश आगमन से पहले सिरमौर जिला के ट्रांसगिरी क्षेत्र के लोगों को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिलने पर मोहर लग गई है। केंद्र सरकार के इस निर्णय से सिरमौर जिला की 1.60 लाख आबादी को लाभ होगा। इसमें हाटी समुदाय बहुल 4 विधानसभा क्षेत्र शिलाई, श्री रेणुका जी, पच्छाद व पांवटा साहिब की 154 पंचायतें आती हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल की नई दिल्ली में हुई बैठक में इसे स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अनुमोदन के बाद अब इससे संबंधित संशोधन विधेयक संसद में जाएगा। संसद से इसे स्वीकृति मिलने के बाद इसे मंजूरी के लिए राष्ट्रपति को भेजा जाएगा। राष्ट्रपति की तरफ से इससे संबंधित स्वीकृति मिलने के बाद हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा मिल जाएगा। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में इस मामले को लेकर हाल ही में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी। उन्होंने इस मामले को शीघ्र केंद्र सरकार की तरफ से अनुमति देने का आश्वासन दिया था। इससे पहले इस मामले को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी उठाया गया था। 

उत्तराखंड में वर्ष 1967 को मिल चुका है दर्जा
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले की सीमा से लगते उत्तराखंड में इस समुदाय को वर्ष 1967 से यह दर्जा मिल चुका है। इसके बावजूद प्रदेश के इस क्षेत्र को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा मिलने के लिए लंबा संघर्ष करना पड़ा। 

इस तरह से आगे बढ़ी बात
हिमाचल प्रदेश में सबसे पहले सरकार की ओर से 4 मई, 2005 को जनजातीय मंत्रालय को इससे संबंधित प्रस्ताव भेजा गया था। इसके बाद 15 जून, 2006 को रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया की तरफ से पत्र के माध्यम से जानकारी दी गई कि हाटी को जनजातीय क्षेत्र का दर्जा नहीं दे सकते। फिर 27 अगस्त, 2011 को प्रदेश सरकार ने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के ट्राइबल स्टडी संस्थान को ट्रांसगिरि क्षेत्र (हाटी) में रहने वाले लोगों का अध्ययन करके विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने को कहा। संस्थान की तरफ से यह रिपोर्ट 20 जुलाई, 2016 को सौंपी गई तथा इसके बाद 3 अगस्त, 2016 को मामला फिर केंद्र सरकार को भेजा गया। उसके बाद रजिस्ट्रार जनरल ऑफ इंडिया ने 16 मार्च, 2017 को यह कहते हुए प्रस्ताव का समर्थन नहीं किया कि रिपोर्ट में एंथनोग्राफिक स्टडी पूरी नहीं है। इसके बाद एंथनोग्राफिक स्टडी रिपोर्ट तैयार करके भेजी गई। इस प्रक्रिया को पूरा करने के बाद 4 अगस्त, 2018 को सारे विषय को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री से चर्चा हुई तथा उसके बाद 24 अक्तूबर, 2018 को केंद्रीय जनजातीय मामलों के मंत्रालय ने इससे संबंधित पूर्ण एंथनोग्राफिक स्टडी करके भेजने को कहा। अंतत: लंबी प्रक्रिया से गुजरने और सभी औपचारिकताओं को पूरा करने के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इसको स्वीकृति प्रदान कर दी है। 

शिमला में हाटी समुदाय के लोगों ने बांटे लड्डू 
हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा मिलने की खुशी पर शिमला में हाटी समुदाय के लोगों ने लड्डू बांटे। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप को हाटी समुदाय के लोगों ने लड्डू बांटे तथा बधाई दी। पूर्व विधायक व खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर सहित अन्य नेता इस अवसर पर उपस्थित थे।

प्रधानमंत्री ने हिमाचल की लंबित मांग पूरी की : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल प्रदेश की लंबित मांग को पूरा किया है। इस निर्णय से क्षेत्र के लोगों की समृद्ध संस्कृति और परम्पराओं के संवद्र्धन के अलावा क्षेत्र के विकास को गति प्रदान करने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और अन्य केंद्रीय नेतृत्व ने हाटी समुदाय के इस भावनात्मक मुद्दे में विशेष रुचि व्यक्त की थी। 

प्रधानमंत्री का हाटी समुदाय को बड़ा तोहफा : नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाटी समुदाय के लोगों को बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि इससे प्रधानमंत्री के हिमाचल प्रदेश से विशेष लगाव का पता चलता है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश को बल्क ड्रग पार्क और एम्स जैसे कई बड़े तोहफे दिए हैं।

हिमाचल की लंबित मांग पूरी : अनुराग
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण व युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने हिमाचल की लंबित मांग पूरी की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का राज्य के प्रति सहयोगपूर्ण रवैया रहा है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया।

भाजपा सरकार की मेहनत रंग लाई : कश्यप
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि भाजपा सरकार की मेहनत रंग लाई है। उन्होंने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रो. प्रेम कुमार धूमल के मुख्यमंत्री बनने पर इस दिशा में प्रयास शुरू हुए थे तथा जयराम ठाकुर सरकार में इस मामले को स्वीकृति मिली। 

जनजातीय समुदाय का आरक्षण बढ़े : मारकंडा
जनजातीय मामलों के मंत्री डाॅ. रामलाल मारकंडा ने हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा मिलने पर केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने प्रदेश में जनजातीय कोटे को बढ़ाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पहले से जनजातीय क्षेत्र को ओल्ड ट्राइबल व नए क्षेत्र को न्यू ट्राइबल का नाम दिया जाना चाहिए।

कांग्रेस ने इस लड़ाई में किया सहयोग : हर्षवर्धन
हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस के उपनेता एवं विधायक हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि कांग्रेस ने हाटी समुदाय को जनजातीय का दर्जा देने की लड़ाई लड़ने में हमेशा सहयोग दिया है। उन्होंने कहा कि इस मामले को दलगत राजनीति से नहीं जोड़ा जाना चाहिए क्योंकि सामूहिक प्रयासों से यह मामला सिरे चढ़ा है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay