Chamba: पिट्ठू बैग में ले जा रहा था नशे की खेप, चनवास-तीसा रोड पर आधी रात को STF ने यूं दबोचा चरस तस्कर

punjabkesari.in Tuesday, Nov 24, 2026 - 04:08 PM (IST)

तीसा (सुभान दीन): चम्बा जिले के चुराह उपमंडल में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ताजा घटनाक्रम में स्पैशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने सोमवार आधी रात को चनवास-तीसा मार्ग पर गश्त के दौरान एक युवक को 819 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी ने नशे की यह खेप अपने पिट्ठू बैग में छिपा रखी थी। सख्त निगरानी के बावजूद इस क्षेत्र में लगातार सामने आ रहे तस्करी के मामलों ने यह सवाल फिर खड़ा कर दिया है कि आखिर यहां नशे का नैटवर्क पूरी तरह से टूट क्यों नहीं पा रहा है।

जानकारी के अनुसार सोमवार आधी रात के करीब एसटीएफ की टीम चनवास से तीसा होते हुए चम्बा की दिशा में नियमित गश्त पर थी। इसी दौरान चनवास-तीसा मार्ग पर पुलिस को एक व्यक्ति की गतिविधियां संदिग्ध दिखीं। टीम ने शक के आधार पर उक्त व्यक्ति को रोका और उसके पास मौजूद पिट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग के भीतर से 819 ग्राम चरस बरामद हुई। प्रतिबंधित मादक पदार्थ मिलते ही एसटीएफ ने आरोपी को तुरंत मौके पर ही हिरासत में ले लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान राकेश (33) पुत्र नेगी के रूप में हुई है, जो गांव बाड़ा, डाकघर जुंगरा, तहसील चुराह (जिला चम्बा) का निवासी है। चरस की बरामदगी के बाद एसटीएफ ने आरोपी के खिलाफ थाना एसटीएफ कांगड़ा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मामले की जांच एएसआई परमेश शर्मा द्वारा की जा रही है। एसटीएफ की टीम फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है ताकि तस्करी की पूरी कड़ी का पता लगाया जा सके। पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि चरस की यह खेप कहां और किसे सप्लाई की जानी थी। एसटीएफ आगे की कड़ियां जोड़ने और संभावित सप्लाई नैटवर्क तक पहुंचने के लिए हर पहलू से मामले की छानबीन कर रही है।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News