Kullu: पुलिस ने चैकिंग के लिए रोकी कार...डैशबोर्ड में मिली चरस की खेप, शिमला के 2 युवक गिरफ्तार
punjabkesari.in Tuesday, May 26, 2026 - 05:12 PM (IST)
कुल्लू: हिमाचल प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस का कड़ा प्रहार जारी है। कुल्लू जिले के आनी पुलिस थाना क्षेत्र के तहत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को चरस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी काले रंग की एक लग्जरी कार में सवार होकर यह खेप ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से वे सलाखों के पीछे पहुंच गए।
जानकारी के अनुसार आनी पुलिस की टीम ने लुहरी मोड़ पर रूटीन नाकाबंदी की हुई थी। इसी दौरान आनी से लूहरी की तरफ आ रही एक काले रंग की ग्रैंड विटारा कार को पुलिस ने चैकिंग के लिए रोका। जब पुलिस ने शक के आधार पर कार की गहन तलाशी ली, तो गाड़ी के डैशबोर्ड के अंदर छिपाकर रखी गई 234 ग्राम चरस बरामद हुई।
चरस बरामद होते ही पुलिस ने कार में सवार दोनों युवकों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान गौरव ठाकुर निवासी खटकर, डाकघर फराल, तहसील कुमारसैन व जिला शिमला और दीपक निवासी नाग, डाकघर शिवान, तहसील कुमारसैन व जिला शिमला के रूप में की गई है।
कुल्लू के एसपी मदन लाल ने इस गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। उनके खिलाफ मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इन आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था। मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई जारी है।

