युवाओं की जिंदगी कर रहा था बर्बाद, पुलिस ने 35.70 ग्राम चिट्टे सहित धरा हरियाणा का तस्कर, हजारों का कैश भी बरामद
punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 06:26 PM (IST)
नाहन (आशु): सिरमौर पुलिस की डिटैक्शन सैल टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने नाहन व कालाअम्ब क्षेत्र में सक्रिय एक नशा तस्कर को 35.70 ग्राम चिट्टा (हैरोइन) के साथ धर दबोचा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र के नशा माफिया में हड़कंप मच गया है।
पकड़े गए आरोपी की पहचान कुशविन भाटिया उर्फ चंदू (27) पुत्र भूपेन्द्र भाटिया, निवासी मकान नंबर 263, दर्शन नगर कालोनी, नारायणगढ़ रोड, कालाअम्ब, जिला अंबाला (हरियाणा) के रूप में हुई है। पुलिस को लंबे समय से गुप्त सूचना मिल रही थी कि उक्त तस्कर नाहन और कालाअम्ब क्षेत्र के युवाओं को चिट्टा बेचकर उनकी जिंदगी बर्बाद कर रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस की टीम ने जाल बिछाया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 35.70 ग्राम चिट्टा/हैरोइन और 85,620 रुपए नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने इस संबंध में थाना कालाअम्ब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
एसपी ने बताया कि आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी के अवैध कारोबार में सक्रिय था। पुलिस अब आरोपी को रिमांड पर लेकर उसके बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक्स की जांच कर रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि चिट्टा की सप्लाई कहां से हो रही थी और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस का लक्ष्य पूरे गिरोह का भंडाफोड़ करना है।

