Hamirpur: 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद थाने पहुंचे राजेंद्र राणा, बोले - सवाल पूछना गुनाह है तो गिरफ्तार कर लो

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 06:22 PM (IST)

हमीरपुर (ब्यूरो): प्रदेश सरकार पर राजनीतिक विरोधियों के खिलाफ कथित दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए भाजपा के वरिष्ठ प्रवक्ता एवं पूर्व विधायक राजेंद्र राणा बुधवार को अपने 48 घंटे के अल्टीमेटम के बाद स्वयं गिरफ्तारी देने सुजानपुर पुलिस थाना पहुंचे। उनके साथ भाजपा मंडल सुजानपुर और बमसन के सैंकड़ों कार्यकर्त्ता भी मौजूद रहे। कार्यकर्त्ताओं ने पार्टी झंडों के साथ थाना परिसर के बाहर प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। राणा ने पुलिस अधिकारियों के समक्ष अपना पक्ष रखते हुए कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कथित अभद्र भाषा के इस्तेमाल के मामले में 48 घंटे के भीतर कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन शिकायत पर अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

उन्होंने कहा कि दूसरी ओर भाजपा नेताओं के खिलाफ दी गईं शिकायतों पर महज कुछ घंटों में एफआईआर दर्ज कर दी जाती है। उन्होंने कहा कि अगर सवाल पूछना गुनाह है तो मुझे गिरफ्तार कर लो। हम न भागेंगे और न बेल लेंगे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना और जनहित के मुद्दे उठाना है। यदि सरकार सवाल पूछने को अपराध मानती है तो वह यह गुनाह बार-बार करेंगे।

उन्हाेंने मुख्यमंत्री पर भी तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को अढ़ाई वर्षों से भाजपा में शामिल हुए 9 नेताओं की चिंता सता रही है और उन्हें सपने में सुधीर शर्मा तथा राजेंद्र राणा ही दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार को उनकी गतिविधियों से इतनी परेशानी है तो वे गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं।

राणा ने कहा कि हम न बेल लेंगे और न भागेंगे, लेकिन हमारी मांग है कि पहले सरकार अपनी 10 गारंटियां पूरी करे और प्रदेश में विकास कार्य करवाए। उन्होंने कहा कि पुलिस थाने के घेराव के बाद भाजपा नेताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर करीब अढ़ाई महीने से लंबित बीडीसी अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव तत्काल करवाने की मांग की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Kuldeep

Related News