हमीरपुर की DC गंधर्वा राठौड़ ने बढ़ाया हिमाचल का मान, देश के टॉप 100 DC की लिस्ट में शामिल हुआ नाम
punjabkesari.in Thursday, Jun 11, 2026 - 03:47 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के लिए एक बेहद गर्व और सम्मान की खबर है। भारत सरकार द्वारा हाल ही में प्रशासनिक कार्यों और दक्षता को लेकर कराए गए एक सर्वे में हमीरपुर की उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ को देश के 100 सर्वश्रेष्ठ डिप्टी कमिश्नरों (DC) की प्रतिष्ठित सूची में शामिल किया गया है।
डीसी गंधर्वा राठौड़ को यह मुकाम उनकी शानदार प्रशासनिक कार्यशैली की बदौलत मिला है। वर्तमान में हमीरपुर में अपनी सेवाएं दे रहीं गंधर्वा राठौड़ ने अपनी बेमिसाल फील्डवर्किंग और जनता की समस्याओं का मौके पर ही त्वरित समाधान करने की अनूठी पहल से लोगों के दिलों में खास जगह बनाई है। जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट शासन और लोगों तक सीधी पहुंच की उनकी यह मिसाल पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।
प्रशासनिक सुधारों के साथ-साथ डीसी गंधर्वा राठौड़ ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में भी बेहतरीन काम किया है। उन्होंने जिले में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और आगे बढ़ने के लिए हमेशा प्रेरित किया है। उनके कार्यकाल में हुए जनकल्याणकारी कार्यों और प्रभावी प्रशासन के प्रति उनके समर्पण ने ही उन्हें देश के शीर्ष 100 डीसी की इस एलीट सूची में स्थान दिलाया है।
डीसी की इस बड़ी उपलब्धि पर जिले के अन्य अधिकारियों में भी खुशी की लहर है। हमीरपुर के एडीसी अभिषेक गर्ग ने इस पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह हमारे पूरे जिले के लिए बहुत ही गर्व की बात है कि डीसी गंधर्वा राठौड़ को भारत के 100 सर्वश्रेष्ठ डिप्टी कमिश्नरों की सूची में जगह मिली है। उन्होंने कहा कि इस राष्ट्रीय स्तर के सम्मान से जिले के सभी प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों का मनोबल बढ़ेगा और उन्हें जनता के लिए और अधिक बेहतर काम करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें

