Hamirpur: बाबा बालक नाथ मन्दिर में भी चढ़ावे के चांदी में ऑडिट के दौरान पकड़ी कथित चोरी
punjabkesari.in Monday, Jul 13, 2026 - 09:55 PM (IST)
हमीरपुर (राजीव): उत्तरी भारत के सुप्रसिद्ध बाबा बालक नाथ मन्दिर दियोटसिद्ध में भी राम मंदिर अयोध्या की तर्ज पर चढ़ावे में कथित तौर पर चोरी का मामला विभागीय ऑडिट में उजागर हुआ है। मामला दिसम्बर, 2021 का है। उस दौरान एक श्रद्धालु राकेश जैन से बाबा बालक नाथ मंदिर को 110 ग्राम चांदी दान स्वरूप प्राप्त हुआ, लेकिन स्टॉक रजिस्टर में 110 ग्राम चांदी की जगह 11 ग्राम और 099 मिलीग्राम ही दर्ज हुआ, यानि करीब 99 ग्राम चांदी कम पाया गया। उक्त गलत गणना व कम मात्रा दर्ज करने का प्रकरण अंकेक्षण अधियाचना संख्या-39 दिनांक 21 जनवरी, 2026 के अंतर्गत मन्दिर अधिकारी न्यास दियोटसिद्ध के ध्यानार्थ लाया गया, लेकिन अंकेक्षण की समाप्ति तक उक्त अधियाचना का कोई भी प्रत्युत्तर नहीं दिया गया।
अतः दान स्वरूप चांदी की स्टॉक रजिस्टर में कम मात्रा कैसे दर्ज हुई इसका भी कोई स्पष्टीकरण नहीं आया। वहीं वर्तमान में बाबा बालक नाथ मंदिर में तैनात मन्दिर अधिकारी राजेश कुमार का कहना है कि वह स्वास्थ्य कारणों के चलते छुट्टी पर हैं। उन्होंने बताया कि मैंने करीब डेढ़ हफ्ता पहले ही कार्यभार संभाला था तथा अभी इस मामले की उन्हें कोई जानकारी नहीं है।

