हिमाचल में आगामी 24 घंटों में अंधड़ व ओलावृष्टि की चेतावनी

Thursday, May 23, 2019 - 11:43 PM (IST)

शिमला: प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के प्रकोप से वीरवार को हल्की राहत देखने को मिली। प्रदेश के कई क्षेत्रों में दोपहर बाद हल्की बारिश हुई, जिसके कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई। वहीं रोहतांग दर्रा व मनाली की ऊंची चोटियों पर दोपहर बाद तक हल्की बर्फबारी दर्ज की गई। उसके बाद मौसम साफ हो गया। इसकी तरह शिमला व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश, ओलावृष्टि और अंधड़ की चेतावनी जारी की है।

28 मई से साफ  रहेगा मौसम

मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह का कहना है कि मैदानी क्षेत्रों में 25 मई व मध्य पर्वतीय क्षेत्रों में 28 मई से मौसम साफ  रहेगा। वीरवार को प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों जैसे रोहतांग व मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। मनाली सहित प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में दोपहर बाद बारिश हुई। राजधानी में दिनभर बादल छाए रहे तथा दोपहर बाद हल्की बारिश हुई।

तापमान पर एक नजर

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुए ताजा हिमपात व बारिश से प्रदेश के अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। ऊना में अधिकतम तापमान 41.4, नाहन में 35.9, कांगड़ा में 36.2, बिलासपुर में 36.8, सोलन में 33.0, हमीरपुर में 36.8, चम्बा में 34.4, सुंदरनगर में 36.5, धर्मशाला में 29.5, भुंतर में 34.4, शिमला में 27.5, कल्पा में 22.6, डल्हौजी में 21.5 और केलांग में 18.2 डिग्री सैल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

Vijay