सुंदरनगर की हल्यातर पंचायत ने पाया प्रदेश में दूसरा स्थान

Monday, Jul 22, 2019 - 03:13 PM (IST)

सुंदरनगर (नितेश सैनी): मंडी के बल्ह उपमंडल की ग्राम पंचायत हल्यातर को वन संरक्षण व संवर्धन के लिए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त हुआ। इसको लेकर प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर व वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर द्वारा हल्यातर पंचायत के प्रधान रोशन लाल को स्मृति चिन्ह व 75 हजार रूपयों की राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं पंचायत में पहुंचने पर पंचायत के लोगों द्वारा प्रधान रोशन लाल का जोरदार स्वागत किया गया। जानकरी देते हुए पंचायत प्रधान रोशन लाल ने कहा कि जयराम द्वारा वन विभाग में सराहनीय कार्य करने के लिए विभाग के कर्मचारी व स्थानीय ग्राम पंचायतों को सम्मानित करने की योजना का शुभारंभ किया गया है।

उन्होंने कहा कि इसमें वनों का संरक्षण व देखभाल करने में सराहनीय कार्य के लिए सम्मानित करके उनकी हौसला अफजाई की जाती है। उन्होंने कहा कि हल्यातर पंचायत के समस्त लोग हमेशा से ही पर्यावरण हितैषी व इसके प्रति जागरूक रहे हैं। इसी के तहत उन्होंने अभी कुछ महीने पहले विभाग द्वारा बैरकोट जंगल में देवदार के पौधे लगाए गए थे। रोशन लाल ने कहा कि इसमें उनकी पंचायत के लोगों ने भी अपना सहयोग दिया था। इसके अलावा अभी हाल ही के दिनों में गर्मियों में जब भी जंगल में आग लगी तो उनकी पंचायत के लोगों ने वन विभाग के साथ मिलकर आग को फैलने नहीं दिया।

उन्होंने कहा कि मुरारी माता मंदिर के मेले के समय जंगल में भयंकर आग लगने पर भी पंचायत प्रधान और स्थानीय लोगों ने विभाग के साथ मिल कर देवदार के लगभग 3 हजार नए पौधों को नष्ट होने से बचाया था। उन्होंने कहा कि इसकी वजह प्रदेश सरकार द्वारा उनकी पंचायत को सम्मानित किया गया है। पंचायत प्रधान रोशन लाल व समस्त ग्रामवासियों ने इस सम्मान के लिए जयराम का आभार व्यक्त किया हैं।

kirti