नगर निगम कर्मचारी की करतूत, फर्जी परमिशन देकर ऐंठ लिए 50 हजार रुपए

Thursday, Aug 09, 2018 - 10:04 PM (IST)

धर्मशाला: पुलिस थाना धर्मशाला में नगर निगम के एडिशनल कमिश्नर की शिकायत पर तिब्बतियन एन.जी.ओ. से नगर निगम धर्मशाला में फ र्जी परमिशन देकर 50 हजार रुपए की राशि ऐंठने के मामले में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ है। जानकारी के मुताबिक मैक्लोडगंज स्थित दलाईलामा बौद्ध मठ के पास पार्किंग स्थल में तिब्बतियन एन.जी.ओ. ने एक सप्ताह के लिए कार्यक्रम आयोजन के लिए अनुमति मांगी थी। पूर्व में भी एक तिब्बतियन एन.जी.ओ. ने अनुमति मांगी थी लेकिन उस समय अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं इस बार नगर निगम कर्मचारी ने दूसरी तिब्बतियन एन.जी.ओ. को परमिशन अपने स्तर पर ही स्लिप काट कर जारी कर दी।

अधिकारी के हस्ताक्षर बिना जारी कर दी रसीद
इसके अलावा कर्मचारी ने बिना अधिकारी के हस्ताक्षर के ही 50 हजार रुपए लेकर रसीद भी जारी कर दी थी। उसके बाद निगम कमिश्नर ने 40 पृष्ठों की बिल बुक गायब होने पर बिना हस्ताक्षर के ही 50 हजार लेकर रसीद देने की भी शिकायत पुलिस थाना धर्मशाला में की थी। उसी आधार पर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धोखाधड़ी का मामला दर्ज करके जांच आरंभ कर दी है। नगर निगम के पार्षदों ने आम बैठक के दौरान पदाधिकारियों और अधिकारियों को घेरने तथा निगम में हो रहे गड़बड़झाले के मुद्दे को प्रमुखता से उठाने की बात कही है।

क्या कहती हैं नगर निगम की मेयर
नगर निगम धर्मशाला की मेयर रजनी व्यास ने कहा कि नगर निगम धर्मशाला में गड़बड़ी का मामला उजागर हुआ है। जिस कर्मचारी ने गलत कार्य किया होगा उसके खिलाफ  सख्त कार्रवाई होगी।

क्या कहती है पुलिस
पुलिस थाना धर्मशाला के एस.एच.ओ. सुनील राणा ने बताया कि धर्मशाला पुलिस थाना में आई.पी.सी. की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच की जा रही है।

Vijay